Dhanbad News: खदानों के पांच किलोमीटर दायरे में आनेवाले गांवों की होगी मैपिंग
Dhanbad News: समाहरणालय स्थित डीएमएफटी सभागार में डी़डीसी सन्नी राज की अध्यक्षता में माइंस क्लोजर एडवायजरी कमेटी की बैठक हुई। बैठक में प्रभावित गांवों के सामुदायिक विकास तथा नागरिकों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण पर चर्चा की गई। विभिन्न क्षेत्रों द्वारा विकास योजनाओं के कई प्रस्ताव पेश किए गए।

Dhanbad News: समाहरणालय स्थित डीएमएफटी सभागार में डीडीसी सन्नी राज की अध्यक्षता में माइंस क्लोजर एडवायजरी कमेटी की बैठक हुई। इसमें बीसीसीएल, ईसीएल एवं सेल की खदानों में खनन कार्य समाप्त होने के उपरांत प्रभावित गांवों में सामुदायिक विकास तथा स्थानीय नागरिकों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण पर चर्चा की गई। डीडीसी ने निर्देश दिया कि बीसीसीएल के बरोरा, ब्लॉक-2, गोविंदपुर, सिजुआ, कतरास, कुसुंडा, पुटकी बलिहारी, पश्चिमी झरिया, पूर्वी झरिया सहित ईसीएल (मुगमा) और सेल माइंस के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाली पंचायतों की माइंस के साथ सटीक मैपिंग कराई जाए।
विकास योजनाओं का चयन
डीडीसी ने स्पष्ट किया कि सभी विकास योजनाओं का चयन और स्वीकृति ग्राम सभा से ही की जाए। किसी भी प्रकार के सिविल निर्माण कार्य से पहले विस्तृत चेकलिस्ट तैयार करने तथा सरकारी भूमि पर प्रस्तावित कार्यों के लिए संबंधित सीओ से अनिवार्य रूप से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न कोलियरी क्षेत्रों द्वारा सामुदायिक कल्याण के लिए कई प्रस्ताव रखे गए। इसमें बरोरा एरिया ने पंचायतों में सोलर लाइटिंग तथा सार्वजनिक कुंओं की मरम्मत व जीर्णोद्धार का प्रस्ताव रखा।
खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास
ब्लॉक-2 एरिया ने तालाब घाटों का जीर्णोद्धार, सोलर लाइट अधिष्ठापन, गोविंदपुर एरिया ने बैथिंग घाट निर्माण, सोलर लाइट व्यवस्था, सिजुआ एरिया ने खेल मैदान में क्रिकेट पिच का निर्माण, तालाबों की सफाई व सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव रखा। कतरास एरिया ने झीझीपहाड़ी में योगा सेंटर की स्थापना, केशलपुर पंचायत भवन सभागार का जीर्णोद्धार, कुसुंडा एरिया ने मुक्तिधाम, तालाब जीर्णोद्धार, चेकडैम का निर्माण, पुटकी बलिहारी एरिया ने नेहरू पार्क में ओपन जिम की स्थापना, पूर्वी झरिया एरिया ने तालाब जीर्णोद्धार, बड़े पैमाने पर पौधारोपण तथा स्थानीय रोजगार सृजन के लिए कप-प्लेट निर्माण मशीन की स्थापना का प्रस्ताव रखा। बैठक में जिला खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा, बीसीसीएल के महाप्रबंधक (पर्यावरण) राजन कुमार, उप प्रबंधक (पर्यावरण) चिराग चोपड़ा, डीएमएफटी टीम लीडर शैलेश तिवारी, बीसीसीएल के सभी 12 क्षेत्रों के प्रोजेक्ट ऑफिसर समेत अन्य थे।


