हनीमून मनाने दुबई गया नवदंपति युद्ध में फंसा, रिसेप्शन करना पड़ा रद्द

Mar 03, 2026 02:08 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share Share
Follow Us on

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध के चलते धनबाद के आकांक्षा सिंह और आकाश सिंह दुबई में फंस गए हैं। उनकी शादी 20 फरवरी को हुई थी और वे हनीमून के लिए गए थे। युद्ध के कारण सभी फ्लाइट रद्द हो गई हैं, जिससे उनका मुंबई में रिसेप्शन रद्द करना पड़ा।

हनीमून मनाने दुबई गया नवदंपति युद्ध में फंसा, रिसेप्शन करना पड़ा रद्द

अमेरिका-इजराइल और ईरान की जंग के बीच मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बिगड़ गए हैं, जिसका असर दुबई से लेकर भारत तक दिखाई दे रहा है। इस युद्ध की वजह से धनबाद के रहनेवाले राजेश सिंह की बेटी आकांक्षा सिंह और उनके दामाद आकाश सिंह दुबई में फंस गए हैं। 20 फरवरी को धनबाद में हुई शादी के बाद यह नवविवाहित जोड़ा हनीमून मनाने के लिए दुबई गया हुआ था। अचानक शुरू हुए युद्ध की वजह से दुबई से भारत आने वाली सभी फ्लाइट को रद्द कर दिया गया है। स्थिति यह हो गई कि शादी के बाद के दो मार्च को मुंबई में रखा गया रिसेप्शन में यह जोड़ा नहीं पहुंच पाया और मजबूरन रिसेप्शन पार्टी रद्द करनी पड़ी।

धनबाद के बरटांड़ की रहनेवाली आकांक्षा सिंह की शादी 20 फरवरी को मुंबई के रहने वाले राजेश सिंह के साथ हुई। एयर इंडिया में बतौर एयर होस्टेस काम करने वाली आकांक्षा को कंपनी की ओर से दुबई का हनीमून पैकेज दिया गया था। आकांक्षा के चाचा रत्नेश सिंह ने बताया कि 23 फरवरी को आकांक्षा और उसके पति आकाश दुबई के लिए रवाना हुए। पांच दिनों के बाद उनकी वापसी का टिकट 28 फरवरी को दुबई से मुंबई के लिए कटा हुआ था। अचानक अमेरिका-इजराइल और ईरान के युद्ध के दौरान दुबई के बुर्ज खलीफा पर भी हमले किए गए। इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया और आकांक्षा-आकाश वहां फंस गए। दो मार्च को होनेवाले रिसेप्शन के लिए धनबाद से उनके परिजन मुंबई पहुंच चुके थे। दूल्हा-दुल्हन के वापस नहीं पहुंचने की वजह से दो मार्च को होने वाली रिसेप्शन पार्टी को रद्द करना पड़ा। -------- होटल में हुए कैद, बाहर निकलने की मनाही दुबई में हुए हमले के बाद दूसरे देशों के लोगों की सुरक्षा को लेकर वहां की सरकार ने गाइडलाइन जारी की है। आकांक्षा और आकाश को एक होटल में ठहराया गया है। आकांक्षा ने अपने परिजनों को फोन करके बताया कि कहीं भी निकलने की अनुमति नहीं है। दिनभर होटल के अंदर कैद होकर रहना पड़ रहा है। होटल की चारों ओर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। दोनों ही अपने घर लौटने को लेकर परेशान हैं। आकांक्षा के परिजन भी अपने बेटी-दामाद को लेकर चिंतित है। सभी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि केंद्र सरकार वहां फंसे लोगों को वापस लाने का इंतजाम करे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।