
मायुमं झरिया शाखा का तीन दिवसीय निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर 16 से
मारवाड़ी युवा मंच का स्थापना दिवस 20 जनवरी को मनाया जाता है। 2026 में झरिया शाखा अपना 40वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर 16-18 जनवरी को दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किया जाएगा। मंच अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि जरूरतमंदों को इस शिविर की जानकारी पहुँचाएँ।
झरिया, प्रतिनिधि। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच का स्थापना दिवस प्रतिवर्ष 20 जनवरी को मनाया जाता है। वर्ष 2026 का यह स्थापना दिवस मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी वर्ष झरिया शाखा अपने रूबी जयंती वर्ष (40 वर्ष) का उत्सव मना रही है। इस अवसर को सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हुए मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा युवा विकास एवं सेवा पखवाड़ा के तहत विशाल निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर आयोजित की जा रही है। उक्त बाते शनिवार को हेटलीबांध स्थित मंच कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान मंच के पदाधिकारियों ने कही।
कहा कि शिविर श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से 16, 17 एवं 18 जनवरी 2026 को श्री अग्रवाल धर्मशाला, झरिया में आयोजित किया जाएगा। शिविर के अंतर्गत दिव्यांगजनों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण एवं माप के पश्चात कृत्रिम हाथ, कृत्रिम पैर, कैलिपर्स, श्रवण यंत्र, बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरण पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। मंच अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा का रूबी जयंती वर्ष सेवा, संस्कार और समर्पण को समर्पित है। मंच का उद्देश्य समाज के उन जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुँचाना है, जो संसाधनों के अभाव में आत्मनिर्भर जीवन जीने में असमर्थ हैं। बताया कि शिविर में लाभ प्राप्त करने हेतु पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। समय पर पंजीकरण के उपरांत चयनित लाभार्थियों को आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि इस सेवा शिविर की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुँचाएँ। प्रेस वार्ता में मंच अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक आशीष भुसानिया और निखिल खंडेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य दिनेश शर्मा, मयंक केजरीवाल, पूनम शर्मा, हितेन शर्मा मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




