दो बीबियों के रहते तीसरा निकाह करने पहुंचा मंजर, लौटाई गई बारात
बाघमारा में मंजर अंसारी ने तीसरी शादी का प्रयास किया, लेकिन दूसरी पत्नी आसमीन परवीन के विरोध के बाद बारात को लौटना पड़ा। आसमीन ने पुलिस में शिकायत की कि मंजर ने पहले से दूसरी शादी की हुई थी, जिसका उसे पता नहीं था। स्थानीय पुलिस और समाज के लोगों ने मामले को सुलझा लिया।

दो बीबियों के रहते तीसरे निकाह की मंशा लेकर बाघमारा के लूतीपहाड़ी पहाड़ी पहुंचे मंजर अंसारी को निराशा हाथ लगी। दूसरी बीबी के विरोध के बाद बिना निकाह कराए ही बारात को बैरंग लौटा दिया गया। इसको लेकर बुधवार की रात बाघमारा थाना में हाईवोल्टेज ड्रामा भी हुआ। मिली जानकारी के अनुसार हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र के वर्मा गांव निवासी मंजर अंसारी की दूसरी बीबी आसमीन परवीन ने बाघमारा थाना पहुंचकर पति के तीसरे निकाह का विरोध किया। उसने पुलिस को बताया कि उसका निकाह 20 जुलाई 2019 को मंजर अंसारी के साथ इस्लामिक रीति-रिवाज से हुआ था। निकाह के दौरान उसके पिता ने नकद राशि, जेवरात और अन्य सामान दिए थे।
एक वर्ष तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में पति, देवर और सास-ससुर मिल कर उसे प्रताड़ित करने लगे। आसमीन ने बताया कि बाद में उसे जानकारी मिली कि मंजर अंसारी का निकाह पहले ही माधोपुर गांव की शाहीन परवीन से हो चुका था, जिसकी जानकारी उससे और उसके परिवार से छिपाई गई थी। वहीं अब वह बाघमारा के लूतीपहाड़ी मस्जिद पट्टी निवासी युवती से तीसरा निकाह करने पहुंचा था। मामले की सूचना मिलते ही बाघमारा पुलिस ने मस्जिद के सदर और मुस्लिम समाज के गणमान्य लोगों को अवगत कराया। इसके बाद समाज के लोगों और लड़की पक्ष ने दूल्हे व बारात को बिना किसी विवाद के वापस लौटा दिया, जिससे प्रस्तावित निकाह टल गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


