Dhanbad News: संजोत के साथ मनसा पूजा शुरू, मां की होगी आराधना
Dhanbad News: धनबाद में मां मनसा की पूजा सोमवार से संजोत के साथ शुरू हो गई है। मां मनसा को सर्पों की देवी मानते हुए स्थानीय मूलवासी समाज विशेष श्रद्धा से पूजा कर रहा है। विभिन्न जगहों पर मां मनसा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, और पूजा के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

Dhanbad News: धनबाद, वरीय संवाददाता। सर्पों की देवी मां मनसा की पूजा सोमवार से संजोत (नहाय-खाय) के साथ शुरू हो गई। स्थानीय मूलवासी समाज में मां मनसा की पूजा को लेकर विशेष आस्था है। मां मनसा को भगवान शिव की पुत्री के रूप में पूजने की परंपरा है। मान्यता है कि मां मनसा किसानों की सर्पों से रक्षा करती हैं। बांग्ला पंचांग के अनुसार इस वर्ष अधिमास के कारण पूजा की तिथियों में एक दिन की बढ़ोतरी हुई है।
प्रतिमाओं की स्थापित की गईं
जगह-जगह स्थापित की गईं मां मनसा की प्रतिमाएं : शहर और आसपास के क्षेत्रों में मां मनसा की प्रतिमा स्थापित कर धूमधाम से पूजा हो रही है। सरायढेला, स्टील गेट, कोचाकुल्ही, लोहारकुल्ही, सुगियाडीह, कुसुम विहार, कोलाकुसमा, धैया, हाउसिंग कॉलोनी, बरटांड़ बस्ती, पतराकुल्ही समेत अन्य जगहों पर प्रतिमा स्थापित की गई है। पूजा को लेकर कई जगहों पर बड़े आकार की प्रतिमाओं का निर्माण कराया गया है। सोमवार को पूजा स्थल पर प्रतिमाओं को स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की शुरुआत की गई। वहीं कई जगहों पर मंगलवार को प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
निशीथ पूजा की तैयारी
18 की रात होगी निशीथ पूजा : पंचांग के अनुसार सोमवार को संजोत (नहाय-खाय) के साथ पूजा की शुरुआत हुई। मंगलवार को श्रद्धालु उपवास रखेंगे। मंगलवार की रात निशीथ काल में मां मनसा की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। कई पूजा समितियों में बलि की भी परंपरा निभाई जाती है। बुधवार को पारण के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
भक्ति जागरण व सांस्कृतिक कार्यक्रम
भक्ति जागरण व सांस्कृतिक कार्यक्रम : पारण के बाद कई पूजा समितियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पूजा को लेकर विभिन्न बस्तियों में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु मां मनसा की आराधना में जुट गए हैं। सरायढेला के थाना मोड़ के पास जागरण का आयोजन किया जा रहा है।


