Dhanbad News: नंद के घर आनंद भयो... जय कन्हैया लाल की
Dhanbad News: धनबाद में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भक्तों का भारी उमड़ आया। विभिन्न मंदिरों में फूलों से सजी झांकियों और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने कान्हा के जयकारे लगाए। रात बारह बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना।

Dhanbad News: धनबाद, वरीय संवाददाता। ‘नंद के घर आनंद भयो... जय कन्हैया लाल की, हाथी-घोड़ा पालकी... जय कन्हैया लाल की...’ शुक्रवार की रात जैसे ही घड़ी की सुइयां मध्य रात्रि के बारह बजे पर ठहरीं, पूरा कोयलांचल कृष्ण भक्ति में डूब गया। मंदिरों में शंख और घंटियों की गूंज के बीच भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगने लगे। कहीं फूलों से सजे पालने में नंदलाल का जन्म हुआ तो कहीं आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बाल गोपाल के दर्शन और जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए देर रात तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। शहर से लेकर गांव तक भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। भक्तों ने कान्हा को झूला झुलाया, छप्पन भोग लगाया और भजन-कीर्तन में झूमते रहे。
स्वामी नारायण मंदिर में सजीं मनमोहक झांकियां
धनसार मोड़ स्थित स्वामी नारायण मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी पर आकर्षक झांकियां सजाई गईं। कृष्ण-यशोदा, राधा-कृष्ण, सुदामा-कृष्ण और वृंदावन में गोपियों संग रास रचाते कन्हैया, पूतना वध, जगन्नाथ जी की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। लक्ष्मी-नारायण और भगवान कृष्ण के दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर के बाहर मेला भी लगाया गया। मध्य रात्रि में शंख-घंटियों के साथ मंदिर परिसर नंद के घर आनंद भयो... के जयकारे से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर जयकारे लगाए और कान्हा के प्राकट्य का स्वागत किया।
शक्ति मंदिर में राधा-कृष्ण का भव्य दरबार सजा
शक्ति मंदिर में फूलों से राधा-कृष्ण का भव्य दरबार सजाया गया। गोपाल का अभिषेक कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। मंदिर को आकर्षक विद्युत-सज्जा और गुब्बारों से सजाया गया। पूरे दिन फलाहारी प्रसाद का वितरण हुआ। रात आठ बजे से भजन-कीर्तन और प्रवचन शुरू किए गए। मध्य रात्रि में अभिषेक, भोग और आरती के बाद धूमधाम से श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। किशोर टंडन व उनकी पत्नी सुनीता टंडन मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे।
हरि मंदिर में लड्डू गोपाल का मना जन्मोत्सव
हरि मंदिर में लड्डू गोपाल के रूप में भगवान विराजमान हैं। यहां चैतन्य महाप्रभु की प्रतिमा की भी पूजा की जाती है। जन्माष्टमी पर पूरे मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। संध्या से ही हरिनाम संकीर्तन से मंदिर परिसर गुंजायमान हुआ। आधी रात में भगवान का जन्म हुआ।
मंडल कारा में भी गूंजे कान्हा के जयकारे
धनबाद मंडल कारा में भी जन्माष्टमी उत्साह के साथ मनाई गई। विभिन्न प्रकोष्ठों के बंदी एक साथ जुटे और भजन-कीर्तन के बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। जेलर दिनेश प्रसाद वर्मा ने बताया कि जेल में दिनभर भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। मध्य रात्रि में श्रीकृष्ण जन्म के साथ मंडल कारा जय श्रीकृष्ण के जयकारे से गूंज उठा। इधर, आरपीएसएफ शिविर में भी जवानों ने उत्साहपूर्वक जन्माष्टमी मनाई।


