Hindi NewsJharkhand NewsDhanbad NewsKatrasgarh station will be erased from the railway map after three years

तीन साल बाद रेलवे के नक्शे से मिट जाएगा कतरासगढ़ स्टेशन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धनबाद-चंद्रपुरा के बीच जिस नई वैकल्पिक रेलवे लाइन का शिलान्यास किया है, वह लाइन तैयार होते ही पुरानी डीसी लाइन बंद कर...

Newswrap हिन्दुस्तान, धनबादSun, 3 March 2024 02:00 AM
share Share
Follow Us on
तीन साल बाद रेलवे के नक्शे से मिट जाएगा कतरासगढ़ स्टेशन

धनबाद, रविकांत झा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धनबाद-चंद्रपुरा के बीच जिस नई वैकल्पिक रेलवे लाइन का शिलान्यास किया है, वह लाइन तैयार होते ही पुरानी डीसी लाइन बंद कर दी जाएगी। रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग ने वर्ष 2027 के मार्च महीने में नई रेल लाइन का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। रेलवे 28 किलोमीटर इस नई लाइन को स्थायी डायवर्सन मान रहा है। प्रोजेक्ट रिपोर्ट में बताया गया है कि नई लाइन के बनने के बाद मौजूदा अग्नि प्रभावित धनबाद-चंद्रपुरा रेल लाइन का ट्रैफिक नई लाइन में शिफ्ट कर दिया जाएगा। बहरहाल तीन साल बाद कतरासगढ़ रेलवे स्टेशन सहित डीसी लाइन की अन्य स्टेशन व हाल्ट का अस्तित्व रेलवे के नक्शे से मिट जाएगा।

कतरास वालों के लिए यह पीड़ा देने वाला कटु सत्य हो सकता है, लेकिन धनबाद से बोकारो-रांची रेलखंड को जोड़े रखने के लिए अब रेलवे के पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। डीसी लाइन के विकल्प पर काम नहीं हुआ तो 15 जून 2017 की तरह किसी दिन रातों रात धनबाद से राजधानी रांची का रेल कनेक्शन टूट सकता है। पिछली लोकसभा चुनाव से ठीक पहले 25 फरवरी 2019 से बंद डीसी लाइन पर दोबारा ट्रेनें चलनी शुरू हुई थीं। लाइन बनने के बाद से ही रेलवे धनबाद-चंद्रपुरा के वैकल्पिक मार्ग पर माथापच्ची कर रहा था। नई लाइन के सर्वेक्षण के बाद पिछले साल 28 अगस्त 2023 को इस योजना को स्वीकृति दी गई। हालांकि नई लाइन बनने तक मौजूदा डीसी लाइन पर पूर्व की तरह ट्रेनें चलते रहेंगी। डीआरएम कमल किशोर सिन्हा ने बताया कि मौजूदा डीसी लाइन बंद नहीं होगी।

------

नई डीसी लाइन पर एक बड़ा और 68 छोटे ब्रिज बनेंगे

474.37 करोड़ की लागत से बनने वाले नई डीसी लाइन पर एक बड़ा और 68 छोटे ब्रिज बनेंगे। पुल का निर्माण कार्य भी योजना की लागत में शामिल है। नई लाइन के लिए रेलवे 25.33 एकड़ जमीन अधिगृहीत करेगा। नई रेल पटरी पांच रेलवे ओवरब्रिज, दो रेल अंडरब्रिज और चार लिमिटेड हाइट सबवे से गुजरेगी। वापसी में रेल ओवरब्रिज होते हुए लाइन धनबाद आने वाली पटरी से मिलेगी। इस प्रोजेक्ट के दो काम का टेंडर हो चुका है। जबकि बाकी बचे काम के लिए पांच मार्च को टेंडर आमंत्रित किया जाएगा।

------

इन स्टेशनों का मिट जाएगा अस्तित्व

नई लाइन धनबाद, निचितपुर, मतारी, तेलो होकर गुजरेगी। लिहाजा कुसुंडा, बसेरिया, बांसजोड़ा, सिजुआ, कतरासगढ़, सोनारडीह स्टेशनों का अस्तित्व मिट जाएगा जबकि भूली, तेतुलमारी, निचितपुर, मतारी और तेलो स्टेशनों के यात्रियों को अधिक ट्रेनों का विकल्प मिलेगा।

-----

चंद्रपुरा से फुलवारटांड़ तक बच सकती है पुरानी लाइन

प्रधानमंत्री ने डीसी लाइन के चंद्रपुरा से जमुनियाटांड़ के बीच अवस्थित रेल लाइन के दोहरीकरण का भी शिलान्यास किया है। यानी धनबाद से चंद्रपुरा के बीच पुरानी लाइन को पूरी तरह से बंद नहीं किया जाएगा। नई लाइन से जमुनियाटांड़ को भी जोड़ा जा रहा है। इस लाइन की डब्लिंग से मालगाड़ी को भी कोयला ढोने में गति मिलेगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें