हैदराबाद पर जीत दर्ज करने से झारखंड 17 रन दूर

Nov 25, 2025 02:43 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share Share
Follow Us on

धनबाद में, अनमोल राज के शानदार प्रदर्शन से झारखंड ने हैदराबाद के खिलाफ कूच बिहार ट्रॉफी मैच में जीत के करीब पहुंच गया है। झारखंड को जीत के लिए 202 रनों का लक्ष्य है और उसने दूसरी पारी में 185 रन बना लिए हैं। अब उसे जीत के लिए केवल 17 रनों की जरूरत है।

हैदराबाद पर जीत दर्ज करने से झारखंड 17 रन दूर

धनबाद, प्रमुख संवाददाता। अनमोल राज के शानदार प्रदर्शन से हैदराबाद के विरुद्ध झारखंड कूच बिहार ट्रॉफी एलीट के मैच में जीत के करीब पहुंच गया है। टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में सोमवार को दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुई झारखंड टीम ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 185 रन बना लिए। जीत के लिए उसे अब मात्र 17 रनों की जरूरत है और पांच विकेट अभी शेष हैं। सोमवार की सुबह झारखंड ने आठ विकेट पर 164 रनों से आगे अपनी पहली पारी शुरू की। 51 रनों की साझेदारी कर चुके गौरव (39) और प्रिंस मिश्रा (19) आठ और रन जोड़ सके।

झारखंड की पहली पारी 176 रनों पर सिमट गई, जिससे हैदराबाद को पहली पारी में 15 रनों की बढ़त मिल गई। यशवीर ने 33 रनों पर चार, राहुल कार्तिकेय ने 45 रनों पर तीन और तन्मय कृष्णा ने 28 रनों पर दो विकेट लिए। हैदराबाद ने दूसरी पारी भी आक्रामक अंदाज से खेलना शुरू किया। उसके विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे, लेकिन रनों की बौछार नहीं थमी। 34.1 ओवर तक चली दूसरी पारी में हैदराबाद की टीम 186 रनों पर आउट हो गई। इस तरह उसने झारखंड के सामने जीत के लिए दूसरी पारी में 202 रन बनाने की चुनौती रखी। आदित्य जावाजी ने 35, आवेज अहमद ने 38, यशवीर ने 37 और टीएस रामाकृष्णा ने 30 रन जोड़े। वहीं अनमोल राज ने 25 रनों पर चार, दीपांशु रावत ने 60 रनों पर तीन विकेट लिए। इशान ओम और अर्जुन प्रियदर्शी को एक-एक विकेट मिला। झारखंड के लिए तौहीद और वत्सल तिवारी ने अच्छी शुरुआत दी। 76 के स्कोर पर तौहीद 41 रन बनाकर आउट हुए। वहीं वत्सल (53) अर्धशतक के बाद आउट हो गए। अमन कुमार और यश राठौड़ कुछ खास नहीं कर पाए। इसके बाद अनमोल राज और अर्जुन प्रियदर्शी ने पांचवें विकेट के लिए 62 रन जोड़कर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। अनमोल (44) के आउट होते ही अंपायरों ने दिन का खेल समाप्त घोषित कर दिया। उस समय झारखंड की दूसरी पारी में 185 रन हो गए हैं और अब वह 17 रनों से पीछे है। अर्जुन अभी 16 रनों पर खेल रहे हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;