सदन में रागिनी ने उठाया धनबाद में कानून व्यवस्था का मुद्दा
झारखंड विधानसभा में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने धनबाद की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने हाल में न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी और अपने आवास पर बमबाजी की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। विधानसभा अध्यक्ष ने मामले को संज्ञान में लिया है।

झारखंड विधानसभा में गुरुवार को झरिया विधायक रागिनी सिंह ने धनबाद की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाते हुए सरकार से सवाल किया। उन्होंने धनबाद में हालिया आपराधिक घटनाओं का विस्तृत उल्लेख करते हुए कहा कि जब न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिल रही हो और विधायक का आवास सुरक्षित न हो, तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है। विधायक ने सदन को अवगत कराया कि बुधवार को धनबाद न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। यह न केवल न्यायिक व्यवस्था पर सीधा हमला है। बल्कि कानून के राज को खुली चुनौती भी है।
उन्होंने कहा कि न्यायालय जैसे संवेदनशील और संरक्षित माने जाने वाले स्थान को यदि अपराधी निशाना बनाने की धमकी दे रहे हैं। यह राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। रागिनी सिंह ने सदन में यह भी बताया कि सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित उनके आवास सिंह मेंशन पर विगत दो सप्ताह पूर्व अज्ञात अपराधियों द्वारा बमबाजी की गई थी। यह घटना न केवल एक जनप्रतिनिधि पर हमला है। विधायक द्वारा उठाए गए गंभीर मुद्दों पर विधानसभा अध्यक्ष ने मामले को संज्ञान में लेने और सरकार से जवाब तलब करने की बात कही है। विपक्षी सदस्यों ने भी इस मुद्दे पर सरकार से स्पष्ट कार्रवाई और समयबद्ध जांच की मांग की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


