झरिया फायरिंग में नौ दिन बाद शशि सिंह के खिलाफ एफआईआर
झरिया विधायक रागिनी सिंह के कार्यालय में गोलीबारी की घटना के नौ दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने सुरेश सिंह हत्याकांड में शामिल शशि सिंह और नवीन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। विधायक ने...

झरिया, वरीय संवाददाता झरिया विधायक रागिनी सिंह के कतरास मोड़ स्थित कार्यालय में घुसने और बाहर के कमरे में फायरिंग करने के मामले में नौ दिन बाद झरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस जांच के आधार पर कोयला व्यवसायी सह कांग्रेस नेता सुरेश सिंह हत्याकांड में 13 साल से फरार अभियुक्त शशि सिंह और बोर्रागढ़ के स्व. प्रभुनाथ सिंह के पुत्र नवीन सिंह उर्फ रतीश सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
मामले में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने धैया निवासी व पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के देवर हर्ष सिंह और रघुकुल निवासी एकलव्य सिंह को साजिशकर्ता बताया था। पुलिस जांच में दोनों के खिलाफ साक्ष्य नहीं मिले। उनके खिलाफ अनुसंधान जारी है। दारोगा प्रदीप लकड़ा की शिकायत पर एफआईआर हुई है। प्राथमिकी में बताया गया है कि सीसीटीवी फुटेज में दो लोग दिख रहे हैं। टोपी वाले युवक की पहचान विधायक ने शशि सिंह और दूसरे की पहचान नवीन सिंह के रूप में की है। कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज करने, दहशत फैलाने के अलावा भाजपा कार्यालय के ठीक विपरीत स्थित बंद कमरे पर गोली चलाने की बात बताई गई थी। 13 जनवरी को पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कथित फायरिंग वाले छेद से सैंपल लिया था।
घटना के नौ दिन बाद मामला दर्ज होने के बाद चर्चा का बाजार गर्म है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया जांच के बाद ही मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई चल रही है। शशि सिंह पर इनाम घोषित है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।