झरिया प्रखंड में 15 दिवसीय मास फीवर सर्वे शुरू
झरिया में मलेरिया की रोकथाम के लिए 10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक विशेष अभियान शुरू किया गया है। पहले दिन बस्ताकोला और राज झरिया में मेडिकल टीम ने 21 घरों का दौरा कर 38 लोगों की जांच की। राहत की बात है कि अब तक कोई मलेरिया पॉजिटिव केस नहीं मिला है।

झरिया। मलेरिया की रोकथाम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झरिया-सह-जोड़ापोखर द्वारा शुक्रवार से विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। यह सर्वे 10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक पूरे झरिया प्रखंड के प्रत्येक गांव में चलाया जाएगा। अभियान के पहले दिन बस्ताकोला और राज झरिया क्षेत्रों में मेडिकल टीम ने घर-घर जाकर जांच की। इस अभियान का नेतृत्व डॉक्टर दिलीप कुमार कर रहे हैं। उनके साथ स्वास्थ्य सहिया संगीता देवी, वरुण कुमार और क्षेत्रीय सहिया साथी सुनीता देवी मुख्य रूप से शामिल हैं। पहले दिन टीम ने कुल 21 घरों का दौरा किया और 38 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की।
इस दौरान बुखार से ग्रसित दो व्यक्तियों के रक्त के नमूने आरडीके (रैपिड डाइग्नोसिस किट) के माध्यम से लिए गए। राहत की बात यह रही कि जांच में अब तक मलेरिया का कोई भी पॉजिटिव केस नहीं मिला है। डॉक्टर दिलीप कुमार ने बताया कि इस मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारी का खतरा रहता है। उन्होंने ग्रामीणों से सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने, घरों के पास जलजमाव न होने देने और साफ-सफाई रखने की अपील की है। बुखार के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करने की सलाह दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


