
भटिंडा-तोपचांची में पर्यटकों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं : मंत्री
झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने धनबाद के भटिंडा और तोपचांची पर्यटन स्थलों के लिए सुविधाओं को बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने बिरसा मुंडा पार्क में एडवेंचर पार्क का उद्घाटन किया और भटिंडा फॉल का निरीक्षण किया। मंत्री ने फॉल के विकास के लिए सड़क, रोशनी और सफाई व्यवस्था की योजना बनाई।
धनबाद/पुटकी, हिटी झारखंड सरकार के नगर विकास पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि धनबाद के भटिंडा और तोपचांची पर्यटन स्थल में आने वाले पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। रविवार को धनबाद पहुंचे मंत्री ने बिरसा मुंडा पार्क स्थित एडवेंचर पार्क का उद्घाटन किया। मंत्री ने कहा कि इस पार्क के खुलने से पर्यटक आकर्षित होंगे। बिरसा मुंडा पार्क से निकलकर मंत्री भटिंडा फॉल का निरीक्षण करने के लिए गए। पर्यटन मंत्री ने भटिंडा फॉल का व्यू प्वाइंट से अवलोकन किया। जिला व प्रखंड के अधिकारियों से भटिंडा फॉल परिसर की भूमि की जानकारी ली और नक्शा देखा।
विधायक, मुखिया व स्थानीय लोगों से बात करने के बाद भटिंडा फॉल तक सड़क, लाइट की व्यवस्था करने की घोषणा की। मंत्री ने तीन तेज तर्रार गोताखोरों को मानदेय देने, फॉल तक सड़क निर्माण, नगर निगम द्वारा एकत्रित गंदगी को इकट्ठा करने का प्रस्ताव भेजने का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाके के भटिंडा फॉल में नगर निगम कचरा उठाव करेगा, इसके लिए उसे अलग से राशि दी जाएगी। मौके पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान मंत्री ने कहा कि भटिंडा फॉल के विकास के लिए बीसीसीएल के सीएमडी से भी बात की जाएगी। उनके सीएसआर फंड से फॉल का विकास हो सके। धनबाद विधायक राज सिन्हा के विधानसभा में मामला संज्ञान में लाने के बाद पर्यटक मंत्री रविवार को भटिंडा फॉल को देखने आए थे। ---------- सी केटेगरी के पर्यटन स्थल में शामिल होगा भटिंडा फॉल मंत्री ने कहा कि भटिंडा फॉल अबतक जिलास्तरीय (डी केटेगरी) का पर्यटन स्थल था। धनबाद जिला प्रशासन ने इसे सी केटेगरी (राज्यस्तरीय) करने का प्रस्ताव भेजा है। इसपर जल्द निर्णय होगा। राज्यस्तरीय पर्यटन स्थल बनने से फॉल पर खर्च होने वाली खर्च की राशि बढ़ेगी। मैथन डैम (ए) पहले से ही अंतरराष्ट्री पर्यटन स्थल है। तोपचांची के विकास के लिए वृहद योजना बनाई गई है। मौके पर मंत्री एवं विधायक ने भटिंडा फॉल में निर्मित झारखंड के पुरोधा बिनोद बिहारी महतो की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मौके पर नगर आयुक्त रविराज शर्मा, स्थानीय मुखिया रमेश सिंह, रविन्द्र सिन्हा, मनोज मालाकार, हर्ष सिंह, बालमुकुंद राम, अशोक महतो, संदीप महतो, रंजय सिंह, विकाश मिश्रा, मनीष पांडे, राहुल सिंह, तमाल रॉय, विष्णु सिंह, टुनटुन यादव, चांद परवेज थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




