Hindi NewsJharkhand NewsDhanbad NewsJharkhand Foundation Day Celebrated with Enthusiastic Cyclothon in Topchanchi
तोपचांची में डीसी और एसएसपी ने चलायी साइकिल

तोपचांची में डीसी और एसएसपी ने चलायी साइकिल

संक्षेप:

झारखंड स्थापना दिवस के रजत समारोह के अवसर पर तोपचांची में साइक्लोथॉन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तोपचांची चौक से झील तक हुए इस कार्यक्रम में सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि यह कार्यक्रम पर्यटन को बढ़ावा देने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

Nov 13, 2025 04:16 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share Share
Follow Us on

तोपचांची, प्रतिनिधि झारखंड स्थापना दिवस के रजत समारोह के अवसर पर वृहस्पतिवार को तोपचांची में जोश और उमंग के साथ साइक्लोथॉन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। साइक्लोथॉन कार्यक्रम तोपचांची चौक से लेकर तोपचांची झील तक किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों प्रतिभागियों, विशेषकर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि झारखंड के सभी पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्राप्त दिशानिर्देश के अनुसार धनबाद जिला में स्थित तोपचांची झील में साइक्लोथॉन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा पर्यटन स्थल में कार्यक्रम आयोजित करने के पीछे जनता को जागरूक करना है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पर्यटन एक बड़ा रोजगार अवसर बन सकता है। राज्य के गठन के 25 वर्षों में राज्य ने अनेक उपलब्धियों को हासिल किया है। उन्होंने कहा कि साइक्लोथॉन में लगभग 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों का प्रकृति के प्रति लगाव और उत्साह देखने योग्य था। उपायुक्त ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आगे भी कई जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब हमें सोचना होगा कि आने वाले 25 वर्षों में झारखंड का भविष्य कैसा होगा। राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। अगला 25 वर्ष झारखंड का स्वर्णिम काल होगा। धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि भी झारखंड स्थापना के रजत समारोह के तहत राज्य की 25 वर्षों की उपलब्धियों और गौरवपूर्ण क्षेत्रों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी शुभकामना है कि झारखंड निरंतर प्रगति की राह पर आगे बढ़ता रहे। मौके पर माडा आयुक्त रविराज शर्मा , तोपचांची अंचलाधिकारी नीलू टुडू, तोपचांची बीडीओ एजाज हुसैन अंसारी सहित अन्य उपस्थित थे।