
भगवान बिरसा के आशीर्वाद से झारखंड देश दुनिया में नाम रोशन करेगा
संक्षेप: धनबाद में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीसी आदित्य रंजन ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि बिरसा मुंडा के आशीर्वाद से झारखंड अगले 25 साल में देश-दुनिया में नाम रोशन करेगा।
धनबाद, विशेष संवाददाता भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती तथा झारखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर बैंक मोड़ स्थित बिरसा चौक पर स्थापित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर बिरसा मुंडा स्मारक स्मृति संचालन समिति की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीसी आदित्य रंजन ने मौके पर जिलेवासियों को झारखंड राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर शुभकामनाएं दीं। डीसी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आशीर्वाद से अगले 25 साल में झारखंड देश दुनिया में नाम रोशन करेगा। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती से समस्त झारखंड गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

बिरसा मुंडा देश के जनजातीय समुदायों के शौर्य, साहस, पराक्रम और बलिदान के प्रतीक हैं। भारतीय इतिहास में भगवान बिरसा मुंडा एक ऐसे नायक थे, जिन्होंने अपने क्रांतिकारी चिंतन से 19वीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध में आदिवासी समाज की दशा और दिशा बदलकर नवीन सामाजिक और राजनीतिक युग का सूत्रपात किया। भगवान बिरसा मुंडा सही मायने में पराक्रम और सामाजिक जागरण के धरातल पर उतारने वाले तत्कालीन युग के एकलव्य थे। मौके पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, नगर आयुक्त रविराज शर्मा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, एसडीओ राजेश कुमार, निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन, एनडीसी दीपक कुमार दुबे, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह, शहीद बिरसा मुंडा स्मारक स्मृति संचालन समिति के संयोजक महादेव हांसदा, जितेन्द्र कुमार पासवान, नारायण महतो,किशोर मुर्मू,मोतीलाल मरांडी,रवींद्र कुमार महतो आदि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




