झरिया के ननुडीह में आरएसपी कॉलेज के लिए हुई जमीन की मापी
झरिया के राजा शिवप्रसाद कॉलेज के नए भवन का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। 64 करोड़ की लागत से बनने वाले इस कॉलेज से छात्रों को बेलगड़िया जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 2017 से कॉलेज को अस्थाई रूप से शिफ्ट किया गया था। विधायक रागिनी सिंह की पहल पर अब निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा।

झरिया, वरीय संवाददाता। झरिया के ऐतिहासिक राजा शिवप्रसाद (आरएसपी) कॉलेज के नए भवन का सपना अब धरातल पर उतरने जा रहा है। डिगावाडीह के ननुडीह रोपवे स्थित आवंटित जमीन की मंगलवार को मापी और निरीक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया। मापी की प्रक्रिया पूरी होते ही अब निर्माण कार्य शुरू करने की बाधाएं दूर हो गई हैं। करीब 64 करोड़ की लागत से बनने वाले इस कॉलेज से झरिया के हजारों छात्रों को बेलगड़िया जाने की मजबूरी से निजात मिलेगी। बताते हैं कि कुल आवंटित 13.5 एकड़ जमीन में से फिलहाल 8 एकड़ पर भवन निर्माण का कार्य होगा। कम क्षेत्रफल में निर्माण होने के कारण विस्थापन की समस्या लगभग शून्य हो गई है।
यहां बीसीसीएल के मात्र आधा दर्जन आवासों को ही शिफ्ट करना होगा, जबकि कंपनी के पुराने और खाली पड़े बंगलों को ध्वस्त कर जमीन समतल की जाएगी। झरिया विधायक रागिनी सिंह की पहल पर अंचल अमीन और ठेका कंपनी सुभाष सिंह चौधरी के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से जमीन का जायजा लिया। इस दौरान जनता श्रमिक संघ के अध्यक्ष संतोष सिंह, अखिलेश सिंह, राहुल सिंह और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. निलेश कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे। विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और करीब 2 साल के भीतर कॉलेज भवन बनकर तैयार हो जाएगा।2017 से चल रहा था वनवास : मालूम हो कि 2017 में अग्नि और भू-धंसान के खतरे को देखते हुए कॉलेज को अस्थाई रूप से बेलगड़िया शिफ्ट कर दिया गया था। तब से ही कॉलेज को झरिया विधानसभा क्षेत्र में वापस लाने की मांग उठ रही थी। विधानसभा में मामला उठने और दो बार टेंडर रद्द होने के बाद आखिरकार इसे मंजूरी मिल गई है। वर्जनआरएसपी कॉलेज की झरिया वापसी का हमारा संकल्प अब धरातल पर उतर रहा है। 64 करोड़ की लागत से बनने वाला यह भव्य कॉलेज भवन झरिया के छात्रों के सुनहरे भविष्य का आधार बनेगा। विस्थापन की समस्या को न्यूनतम रखा गया है ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के समय पर पूरा हो सके।रागिनी सिंह, विधायक, झरिया:
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


