धनबाद/झरिया हिटी
झारखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष शिवधारी राम ने कहा कि इंडस्ट्री कोलियरी में महिला के जमींदोज होने की प्रमुख वजह समय पर पुनर्वास नहीं होना है। पुनर्वास का दायित्व जिन पर है, वे हादसे के लिए जिम्मेदार हैं। झरिया पुनर्वास के लिए दी गई राशि का दुरुपयोग हो रहा है। लोगों ने बताया कि वे बेलगड़िया नहीं जाना चाहते। सुविधा, रोजगार सहित कई वजह है। मामला गंभीर है। इसपर मुख्यमंत्री और राज्यपाल से भी बात करेंगे। जेआरडीए, बीसीसीएल एवं धनबाद प्रशासन घटना के लिए जिम्मेदार है। डीजीएमएस की भी लापरवाही है। बीसीसीएल के सभी एरिया जीएम को आयोग के कोर्ट में तलब किया जाएगा। राम बोले कि अब तक पीड़ित परिवार को चार लाख रुपए का भुगतान तक नहीं किया गया है।
आयोग के अध्यक्ष शिवधारी राम और सचिव राकेश रोशन गुरुवार को इंडस्ट्री कोलियरी के गोरखपुरिया धौड़ा पहुंचे। भाजपा नेत्री रागिनी सिंह भी साथ थीं। 18 दिसंबर को जमींदोज महिला कल्याणी देवी के पति दिलीप बाउरी और दोनों बच्चियों से भेंट की। कुसुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक बीके गोयल, परियोजना पदाधिकारी सत्येंद्र सिन्हा भी मौजूद थे। जीएम और पीओ को काफी खरीखोटी सुनाई। जेआरडीए को केंद्र सरकार ने पैसे दिए हैं, उसका उपयोग नहीं किया जा रहा है। लोगों को सुरक्षित जगह पर रोजगार के साथ बसाया नहीं जा रहा है। इसके लिए प्रबंधन और जिला प्रशासन दोषी है। डीजीएमएस ने बस्ती के समीप माइंस चलाने की अनुमति कैसे दी। वे लोग इसकी रिपोर्ट केंद्र सरकार और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को करेंगे। इस घटना के लिए बीसीसीएल के अधिकारियों पर मामला दर्ज होना चाहिए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। भाजपा नेत्री रागिनी सिंह ने भी कहा कि घटना के बाद से पीड़ित परिवार के साथ लगातार जुड़ी हुई हूं लेकिन अधिकारी झांकने तक नहीं आ रहे हैं। वह हरसंभव मदद करने को तैयार है। राज्य सरकार भी इस को लेकर गंभीर नहीं है। कहा कि आपदा प्रबंधन ने अभी तक क्यों नहीं सहयोग किया जबकि चार लाख देने का प्रावधान है।
मौके पर भाजपा नेता महावीर पासवान, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश आईटी सेल प्रभारी बप्पी बाउरी, जेएमएम के पूर्व महानगर अध्यक्ष देबू महतो, अशोक हाड़ी, देवा साव, निरंजन प्रसाद, अखिलेश सिहं, उमेश यादव, रिंकू शर्मा, दिलीप भारती, स्वरूप भट्टाचार्य, संतोष शर्मा, रामदेव शर्मा, अरुण मिश्रा, ध्रुव हरी, बलराम हरि, अमित बाउरी, रंजीत दास, आदि उपस्थित थे।
डॉ. आंबेडकर और नगीना पासवान की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
झारखंड अनुसूचित आयोग के अध्यक्ष शिवधारी राम, सचिव राकेश रोशन, भाजपा नेत्री रागिनी सिंह ने पीडिता के घर पहुंचने से पूर्व बस्ताकोला में डॉ भीमराव आंबेडकर और नगीना पासवान की प्रतिमा पर माल्यर्पण किया। नगर निगम ने प्रतिमा की साफ सफाई पहुंचने से पहले कर दी थी।