ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड धनबादनिगम के डंपिंग यार्ड में बायो वेस्ट फेंक रहा जालान अस्पताल

निगम के डंपिंग यार्ड में बायो वेस्ट फेंक रहा जालान अस्पताल

शहर के अस्पताल और नर्सिंग होम पर बायो वेस्ट को खुले में फेंकने का आरोप हमेशा लगते आया है। शुक्रवार को आरोप सही साबित भी हो...

निगम के डंपिंग यार्ड में बायो वेस्ट फेंक रहा जालान अस्पताल
हिन्दुस्तान टीम,धनबादSat, 06 Jun 2020 03:16 AM
ऐप पर पढ़ें

शहर के अस्पताल और नर्सिंग होम पर बायो वेस्ट को खुले में फेंकने का आरोप हमेशा लगते आया है। शुक्रवार को आरोप सही साबित भी हो गया। एशियन जालान अस्पताल द्वारा अपने बायो वेस्ट को निगम के डंपिंग यार्ड में फेंकते हुए निगमकर्मी ने पकड़ लिया।

जालान अस्पताल से बायो वेस्ट लेकर दो कर्मी बस डिपो स्थित डंपिंग यार्ड पहुंचे थे। इसी बीच निगम के सुपरवाइजर संतोष कुमार को किसी ने सूचना दी। सूचना पर पहुंचे सुपरवाइजर ने ठेला समेत बायो कचरा को जब्त कर इसकी सूचना नगर आयुक्त को दी। नगर आयुक्त ने ठेला लेकर पहुंचे दोनों कर्मियों और बायो वेस्ट को निगम कार्यालय मंगवा लिया। नगर आयुक्त ने जालान अस्पताल को नोटिस देते हुए खुले में बायो वेस्ट फेंकने पर 20 हजार रुपए का जुर्माना ठोक दिया। तीन दिन में जुर्माना नहीं भरने पर निगम केस करेगा।

एक माह से जालान का कचरा जा रहा था बस डिपो

बायो वेस्ट के साथ पकड़े गए दोनों युवकों ने बताया कि वह पिछले एक महीने से जालान अस्पताल का बायो कचरा ले जाकर बस डिपो में डंप कर रहे थे। बस डिपो में निगम का गार्ड तैनात है लेकिन किसी ने उसे रोकने की जरूरत नहीं समझी। आबादी के बीच बायो कचरा फेंककर जालान अस्पताल लोगों को बीमार बना रहा है।

रामगढ़ के नाम पर शहर में उठ रहा बायो वेस्ट

शहर में बायो मेडिकल वेस्ट के नाम पर बड़ा रैकेट चल रहा है। रामगढ़ की एक कंपनी के नाम पर बायो मेडिकल वेस्ट उठाया जाता है। सरकारी कागजों में भी यही दर्ज है, लेकिन सच्चाई है कि नर्सिंग होम से निकलकर हीरक रोड के किनारे कचरा डंपिंग की जा रही। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और निगम की लापरवाही का खामियाजा अस्प्ताल प्रबंधन उठा रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें