अंतरप्रांतीय गिरोह ने ट्रेन में की थी लूटपाट, आठ गिरफ्तार
धनबाद में टाटा-जयनगर एक्सप्रेस में 19 दिसंबर को लूटपाट के मामले में आरपीएफ और रेल पुलिस ने आठ आरोपियों को पकड़ा है। सभी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और लूट के सामान, जिसमें रोलगोल्ड के गहने, नकद और मोबाइल शामिल हैं, बरामद किए गए हैं।

धनबाद, मुख्य संवाददाता टाटा-जयनगर एक्सप्रेस में 19 दिसंबर की आधी रात को प्रधानखंता-जयनगर के बीच लूटपाट के मामले में आरपीएफ और रेल पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरप्रांतीय गिरोह के आठ सदस्यों को पकड़ा है। आठों ने लूटपाट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों के पास से लूट के सामान भी बरामद किए गए हैं। इसमें रोलगोल्ड के गहनों के अलावा नकद व मोबाइल शामिल हैं। पकड़े गए अरोपियों में बख्तियापुर, जहानाबाद, बरमसिया और धनसार के लड़के शामिल हैं। सोमवार को आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। बता दें कि 19 दिसंबर को धनबाद स्टेशन से खुलते ही लुटेरा गिरोह के सदस्य टाटा-जयनगर एक्सप्रेस में सवार हुए थे।
घटना को अंजाम देकर सभी प्रधानखंता के आगे ट्रेन की जंजीर खींचकर उतर गए थे। लूटपाट के बाद भुक्तभोगी ने 139 पर रेलवे को सूचना दी थी। इसके बाद सक्रिय हुई रेल पुलिस और आरपीएफ ने तफ्तीश शुरू की। बलियापुर से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। उन्हीं में से एक ने लूटपाट करने वाले एक आरोपी की पहचान धनबाद स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से की। इसके बाद टीम ने लूटे गए मोबाइल के लोकेशन के आधार पर शनिवार की देर रात आरोपियों को गोविंदपुर के खालसा होटल के पास एक गाड़ी से पकड़ा। उनकी निशानदेही पर अन्य जगहों पर दबिश देकर पुलिस ने आरोपियों को दबोचा। रविवार की रात भी टीम की छापेमारी जारी थी। गिरफ्तारियां और बढ़ने की उम्मीद है। पुलिस फिलहाल इस पर कुछ भी बोलने से बच रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




