वंचित परिवारों के दस जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दीक्षा महिला मंडल ने सामुदायिक भवन, कोयला नगर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया। 10 जोड़े वंचित समाज के वैदिक रीति से परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में बीसीसीएल के प्रबंधन और महिला मंडल की सदस्यों ने भाग लिया, जिन्होंने नवविवाहितों को गृहस्थ जीवन की आवश्यक वस्तुएं भी वितरित कीं।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल की ओर से सामुदायिक भवन, कोयला नगर में शनिवार को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। मौके पर वंचित समाज के 10 जोड़े वैदिक रीति रिवाज के साथ परिणय सूत्र में बंधे। अवसर पर दीक्षा महिला मंडल की सदस्यों, बीसीसीएल शीर्ष प्रबंधन, कोयला भवन मुख्यालय, बीसीसीएल क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों-कर्मियों, वैवाहिक जोड़ों में बंधने वाले वर-वधुओं के परिजनों की उपस्थिति में पूरे विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों के 10 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे और अपने नवजीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम में दीक्षा महिला मंडल अध्यक्ष अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष पूर्बिता रमैया, रंजना सिंह, संचिता रॉय, नीता कुमार, सभी सदस्य समेत विभिन्न क्षेत्रीय महिला समितियों की सदस्य उपस्थित रहीं।
बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी) संचालन संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार सहित कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय महाप्रबंधक तथा बड़ी संख्या में वर-वधू के परिजन उपस्थित रहे।सर्वप्रथम दुर्गा-मंदिर कोयला नगर से वर पक्ष बारात लेकर सामुदायिक भवन पहुंचा, जहां समधी-मिलन हुआ और वधू पक्ष के सदस्यों ने गर्मजोशी से बारातियों का स्वागत किया। विवाह मंडप पर सीएमडी मनोज अग्रवाल तथा अर्चना अग्रवाल ने सभी जोड़ों को चुन्नी और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया, जिसके पश्चात सभी जोड़ों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। वैदिक मंत्रोच्चार, शहनाई की धुन और मंगलगीतों के बीच अतिथियों ने सुमंगली अभिषेक में नव-विवाहित सभी जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उनके सफल-सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।अर्चना अग्रवाल ने कहा कि महिला मंडल की ओर से आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह संगठन की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। महिला मंडल निरंतर समाज के वंचित वर्ग के उत्थान एवं सशक्तीकरण के लिए विभिन्न पहल करता रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर आयोजित यह कार्यक्रम 10 जोड़ों के नवजीवन की शुरुआत के साथ दस परिवारों के जीवन में खुशियों के नए आयाम लेकर आया है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को अपनी शुभकामनाएं दीं।सीएमडी ने कहा कि दीक्षा महिला मंडल आयोजित यह सामूहिक विवाह सामाजिक सरोकारों के प्रति संगठन की संवेदनशीलता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के वंचित वर्गों को सम्मानजनक सहयोग प्रदान करते हुए सामुदायिक सहयोग और सामाजिक समरसता को भी सुदृढ़ करते हैं।दीक्षा महिला मंडल ने सभी नव-विवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की आवश्यक वस्तुएं जैसे पलंग, बर्तन, कपड़े, सुहाग-शृंगार का सामान, राशन इत्यादि वितरित किए। समस्त वैवाहिक कार्यक्रम मुन्ना पांडे (नगर पुरोहित, कोयला नगर) एवं उनके सहयोगी पुरोहितों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


