Dhanbad News: एसएनएमएमसीएच में मुफ्त स्नान की अनोखी व्यवस्था
Dhanbad News: धनबाद के एसएनएमएमसीएच में मरीजों और उनके परिजनों के लिए बारिश में स्नान की सुविधा का प्रावधान किया गया है। मेन गेट पर बारिश के पानी की निकासी के लिए पाइप लगाया गया है, जिससे लोग बारिश में आने और जाने के दौरान स्नान का आनंद ले सकेंगे। अस्पताल प्रबंधन ने इस संबंध में चिंता जताई है।

Dhanbad News: धनबाद, प्रमुख संवाददाता। एसएनएमएमसीएच में मरीजों और उनके परिजनों को अब बारिश में भीगने के बाद स्नान की सुविधा मिलेगी। नए मेन गेट पर ही यह व्यवस्था कर दी गई है। भवन प्रमंडल के इंजीनियरों के अनोखे प्रयोग से बारिश के दिनों में यहां पहुंचने वाला हर व्यक्ति मुफ्त स्नान का आनंद ले सकेगा। मेन गेट की छत पर जमा बारिश के पानी की निकासी के लिए बीचोंबीच पाइप लगाया गया है। बारिश होते ही छत का पानी पाइप से तेज धार के रूप में सीधे गेट से गुजरने वाले लोगों पर गिरेगा। अस्पताल आते समय मरीज और परिजन शावर का आनंद ले सकेंगे और लौटते वक्त भी सुविधा उपलब्ध रहेगी।
अब देखना यह है कि इस स्नानघर के उद्घाटन के लिए किसी वीआईपी को बुलाया जाता है या फिर भवन प्रमंडल के इंजीनियर्स उद्घाटन करेंगे। इस संबंध में वरीय अस्पताल प्रबंधक डॉ सुमन ने कहा कि यह घोर लापरवाही है। मामला उनके संज्ञान में आया है। डीडीसी को जानकारी दी गई है।

