बिहार के मुकाबले विज्ञान ज्योति के प्रति झारखंड की बेटियों का ज्यादा झुकाव
झारखंड की बेटियों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) के प्रति रुचि बढ़ रही है। विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के तहत पिछले तीन वर्षों में 80,000 से अधिक लड़कियों ने भाग लिया, जिसमें...

धनबाद, मुकेश सिंह विज्ञान के प्रति झारखंड की बेटियों का झुकाव बढ़ रहा है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) के प्रति बेटियों में रुचि पैदा करने के लिए शुरू विज्ञान ज्योति कार्यक्रम में पिछले तीन साल में देश की 80 हजार बेटियां जुड़ीं। इनमें झारखंड की 2995 और बिहार की 2849 बेटियां हैं। वहीं पश्चिम बंगाल की 3006 बेटियों ने भाग लिया। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) की रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। इसमें 2022-2023 से 2024-25 तक राज्यवार कार्यक्रम में भाग लेने वाली बेटियों की संख्या जारी की गई है। मेधावी लड़कियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसआईटीएम) क्षेत्रों में उच्च शिक्षा और कॅरियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया गया है।
विज्ञान ज्योति कार्यक्रम से लैंगिक समानता को बढ़ावा देना है, जिसमें साल भर चलने वाली विभिन्न गतिविधियां जैसे व्यावहारिक अनुभवात्मक शिक्षण सत्र, वैज्ञानिक रोल मॉडल के साथ बातचीत, अनुसंधान और विकास और औद्योगिक प्रयोगशालाओं का दौरा, कॅरियर मार्गदर्शन कार्यशालाएं और छात्र-अभिभावक परामर्श सत्र शामिल हैं, जो लड़कियों की विज्ञान के प्रति रुचि और झुकाव बढ़ाने के का अवसर प्रदान करता है। विज्ञान ज्योति कार्यक्रम ने 35 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 300 जिलों की 80,000 से अधिक उच्च उपलब्धि वाली लड़कियों को लाभान्वित किया है। इसके प्रभाव को मजबूत करने के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) ने विश्वविद्यालयों, विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थानों, सीएसआईआर प्रयोगशालाओं और अन्य प्रतिष्ठित संगठनों सहित 250 से अधिक प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों के साथ काम किया है, जो नॉलेज पार्टनर के रूप में काम करते हैं, और एसटीईएम में लड़कियों की अधिक भागीदारी को बढ़ावा देने के कार्यक्रम के मिशन में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। पिछले तीन वर्षों के दौरान विभिन्न राज्यों से भाग लेने वाली बेटियों की संख्या इस प्रकार है। गुजरात 4055, हिमाचल प्रदेश 2539, जम्मू एवं कश्मीर 1894, कर्नाटक 3154 मध्य प्रदेश 3619, महाराष्ट्र 4206, ओडिशा 3138, पंजाब 3224, राजस्थान 3895, तेलांगना 2007, उत्तराखंड 2425, उत्तर प्रदेश 5353, असम 3171, छत्तीसगढ़ 3202 एवं हरियाणा से 3054 बेटियां कार्यक्रम में शामिल हुईं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।