अवैध मिट्टी खनन के दौरान ट्रैक्टर चालक की मौत, पास के घर में तोड़फोड़

Newswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
Follow us on Google News
share

बाघमारा में अवैध मिट्टी खनन के दौरान ट्रैक्टर चालक विश्वनाथ रवानी की संदिग्ध मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने हंगामा किया और खनन स्थल के पास एक आवास में तोड़फोड़ की। पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में कठिनाई हुई, जिससे अन्य थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। विधायक ने मृतक के परिवार को मुआवजे का आश्वासन दिया।

अवैध मिट्टी खनन के दौरान ट्रैक्टर चालक की मौत, पास के घर में तोड़फोड़

बाघमारा, प्रतिनिधि खरखरी ओपी क्षेत्र की न्यू परसबनिया कॉलोनी के समीप रविवार को अवैध मिट्टी खनन के दौरान ट्रैक्टर चालक की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। इससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। मृतक की पहचान फुलारीटांड़ बस्ती निवासी भोला रवानी के 35 वर्षीय पुत्र विश्वनाथ रवानी उर्फ लाला रवानी के रूप में की गई है। घटना के बाद मिट्टी खनन में लगे ट्रैक्टर एवं जेसीबी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन व ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान उग्र भीड़ ने खनन स्थल के बगल स्थित आवास में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की।

बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची खरखरी ओपी पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में असहाय नजर आई। थाना प्रभारी मंगल कुजूर के साथ कुछ लोगों द्वारा दुर्व्यवहार की भी सूचना है। हालात बिगड़ते देख मधुबन, महुदा, सोनारडीह समेत आसपास के थाना क्षेत्रों से पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जेसीबी से मिट्टी खनन कर ट्रैक्टरों से ईंट भट्ठों को मिट्टी भेजी जा रही थी। इसी दौरान अचानक अफरातफरी मच गई और चालक वाहन लेकर भागने लगे। बाद में एक व्यक्ति का शव घटनास्थल पर पड़ा मिला, जिसके शरीर पर ट्रैक्टर के पहिए के निशान पाए गए। आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसकी मौत हुई। घटना की सूचना पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिलकर उचित कार्रवाई एवं मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। हालांकि देर शाम तक मुआवजे पर सहमति नहीं बन पाई, जिससे शव शाम 6.30 बजे तक घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। मृतक की पत्नी अंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। विश्वनाथ के दो छोटे बच्चे हैं। जमीन मालिक होने के आरोप में शिक्षक के घर को बनाया निशाना घटना के बाद उपद्रवियों ने पास के एक आवास को निशाना बनाया। गृहस्वामी सरयू रविदास ने बताया कि दर्जनों की संख्या में लोग छत के रास्ते उनके घर में घुसे और जमकर तोड़फोड़ की। उपद्रवियों ने फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन सहित अन्य घरेलू सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा अलमारी में रखे सोने के जेवरात, मोबाइल फोन एवं लगभग 40 हजार रुपये नकद लूट लिए गए। पेशे से शिक्षक रविदास ने स्पष्ट किया कि जिस जमीन पर अवैध मिट्टी खनन हो रहा था, उसका उनसे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने झूठा आरोप लगाकर घर में लूटपाट किए जाने की बात कहते हुए पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।