
अगले 100 वर्षों के लिए लक्ष्य स्पष्ट : प्रो. प्रेम व्रत
धनबाद में आईआईटी आईएसएम का 100वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बीओजी चेयरमैन प्रो. प्रेम व्रत ने संस्थान की उपलब्धियों और भविष्य के लक्ष्यों पर प्रकाश डाला। निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने छात्रों को अगले सौ वर्षों का वाहक बताया। उद्योगपति गौतम अदाणी ने दो छात्रों को सम्मानित किया।
धनबाद, मुख्य संवाददाता आईआईटी आईएसएम धनबाद के 100वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बीओजी (बोर्ड ऑफ गवर्नर्स) चेयरमैन प्रो. प्रेम व्रत ने कहा कि आईआईटी आईएसएम की कहानी केवल इसलिए अद्भुत नहीं है कि इसने क्या-क्या उपलब्धियां हासिल कीं। इसलिए भी कि इसने क्या-क्या प्रेरित किया। इसने अनेक पीढ़ियों को इंजीनियरिंग, विज्ञान, तकनीक और प्रबंधन के क्षेत्रों में प्रवेश करने के लिए प्रेरित किया। उद्योगों को सहयोग, नवाचार और वृद्धि के लिए प्रेरित किया। छात्र व शिक्षक ही इस संस्थान के अगले सौ वर्षों की दिशा निर्धारित करेंगे। हमारे लक्ष्य स्पष्ट हैं। इनमें शोध पारिस्थितिकी तंत्र को और सशक्त करना, वैश्विक साझेदारियों का विस्तार करना, उद्योग और समाज से अपने संबंधों को और गहरा करना, शैक्षणिक ईमानदारी और गुणवत्ता के उच्चतम मानकों को बनाए रखना है।
एक शताब्दी एक दुर्लभ और अमूल्य पड़ाव है। यह हमें यह याद दिलाता है कि हम कितनी दूर आ चुके हैं। यह भी कि हमें अभी कितनी दूर जाना है। बौद्धिक क्षितिज को और विस्तारित करेंगे : निदेशक निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि ऐतिहासिक 100वां स्थापना दिवस हमलोगों के लिए भावनात्मक और गौरव का क्षण है। ये क्षण हमें याद दिलाते हैं कि किसी भी संस्थान की वास्तविक शक्ति उसकी उपलब्धियों में ही नहीं, बल्कि उसके साझा भाव और अपनत्व में निहित होती है। निदेशक ने कहा कि हमारे छात्र अगले सौ वर्षों के वाहक हैं। आपकी जिज्ञासा, आपकी रचनात्मकता और आपका जुनून ही आईआईटी आईएसएम की धड़कन है। जब हम अपनी दूसरी शताब्दी की ओर कदम बढ़ा रहे हैं, हमारा मार्ग स्पष्ट है। हम अपने बौद्धिक क्षितिज को और विस्तारित करेंगे। उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाएंगे। सततता, सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक विकास को अपने केंद्र में रखेंगे। धन्यवाद ज्ञापन उपनिदेशक प्रो. धीरज कुमार ने किया। कार्यक्रम में विनय प्रकाश, सतीश झा, बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल, संदीप कुमार, शिक्षाविद, पूर्ववर्ती छात्रों के अलावे अन्य मौजूद थे। -- अदाणी ने दो छात्रों को किया सम्मानित उद्योगपति गौतम अदाणी ने पेनमेन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में आईआईटी आईएसएम धनबाद के छात्र ओम शांडिल्य व साहिल शर्मा को सम्मानित किया। -- सुबह 11 बजे से 3 बजे तक धनबाद में रहे अदाणी गौतम अदाणी सुबह 11 बजे बरवाअड्डा हवाईअड्डा पहुंचे। हवाई अड्डा में उपनिदेशक प्रो. धीरज कुमार व वरीय सुरक्षा अधिकारी राम मनोहर ने स्वागत किया। वहां से सीधे पेनमेन हॉल पहुंचे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद टैक्समिन पहुंचे। टैक्समिन में थ्री एस एक्सीलेंस सेंटर का उद्घाटन करने के बाद निदेशक, चेयरमैन समेत अन्य अधिकारियों संग बंद कमरे में मीटिंग की। मीटिंग के बाद अदाणी समूह में कार्यरत आईआईटी धनबाद के पूर्ववर्ती छात्रों संग मिले। वहां से गेस्ट हाउस पहुंचे। खाना खाकर कैंपस से ढाई बजे के लगभग निकले। एक अन्य कार्यक्रम में भाग लेने के बाद तीन बजे के बाद हवाईअड्डा के लिए रवाना हुए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




