Dhanbad News: तेज बारिश से कच्चा मकान गिरा
Dhanbad News: लगातार बारिश के कारण सोमवार को मुराईडीह में कमल महतो का कच्चा मकान गिर गया। घटना के समय परिवार और मवेशी घर के अंदर थे, लेकिन सभी सुरक्षित रहे। मकान की दीवार गिरने और पानी भरने से सामान क्षतिग्रस्त हुआ। परिवार ने आर्थिक तंगी के कारण मरम्मत नहीं करवाई और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला।

Dhanbad News: लगातार हो रही बारिश के कारण सोमवार की दोपहर करीब दो बजे मुराईडीह बस्ती में कमल महतो का कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। घटना के समय परिवार के सदस्य और दो मवेशी घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन सभी बाल-बाल बच गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कमल महतो ने बताया कि मकान की एक तरफ की दीवार अचानक गिर गई, जिससे बारिश का पानी तेजी से घर के अंदर प्रवेश कर गया। पानी भरने के कारण घर में रखे बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान पानी में तैरने लगे। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग सहम गए।
पीछे के रास्ते से दोनों गाय को घर से बाहर निकाला। इसके बाद हमलोग ने काफी मशक्कत कर घर में जमा पानी को बाहर निकाला। फिलहाल पूरा परिवार दहशत में है। क्योंकि घर की अन्य दीवाल भी जर्जर व कमजोर है। पीड़ित परिवार के अनुसार आपसी बंटवारे और आर्थिक तंगी के कारण मकान की मरम्मत नहीं करा पा रहे हैं। परिवार को अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी नहीं मिला है। पीड़ित ने जनप्रतिनिधियों और प्रखंड प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता एवं आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।


