होली पर बाजार गुलजार, रंग-पिचकारी की दुकानों पर उमड़ी भीड़
होली के पर्व की तैयारी शुरू हो गई है। बाजारों में रंग-बिरंगे गुलाल, पिचकारियां और पारंपरिक कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है। लोग आवश्यक सामान की खरीदारी में जुटे हैं ताकि पर्व के दिन कोई परेशानी न हो। मिठाई और ड्रायफ्रूट की बिक्री भी तेज हो गई है।

होली के आगमन के साथ ही शहर के बाजार रंगों और उत्साह से सराबोर हो उठे हैं। सोमवार को होलिका दहन के साथ रंगों के इस पर्व की शुरुआत होगी और बुधवार को धूमधाम से होली मनाई जाएगी। त्योहार को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजारों में उमड़ रही भीड़ इसका प्रमाण है। अबीर-गुलाल और रंग-पिचकारी के साथ साथ राशन, कपड़े, मिठाई आदि की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ लग रही है। लोग त्योहार से पहले ही आवश्यक सामान की खरीदारी में जुटे हैं ताकि पर्व के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शहर के बैंक मोड़, पुराना बाजार, सरायढेला, हीरापुर, पार्क मार्केट, बरटांड़, पुलिस लाइन, मेमको मोड़ समेत सभी प्रमुख बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। शाम ढलते-ढलते कई स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सामान्य दुकानों के साथ-साथ मॉल और शॉपिंग कॉम्पलेक्स में भी होली से जुड़े सामान की विशेष बिक्री की जा रही है। दुकानों में रंग-बिरंगे गुलाल, आकर्षक पिचकारियां और बच्चों के लिए कार्टून थीम वाले वाटर गन उपलब्ध हैं। इस बार बैटरी चलित और टैंक वाली बड़ी पिचकारियां बच्चों को खासा लुभा रही हैं। बाजार में गुलाल गन, लड्डू गोपाल पिचकारी, म्यूजिकल पिचकारी, फौजी रंग की पिचकारी, गुलाल सिलेंडर, होली मास्क, मिक्की माउस वाटर टैंक, दोनाली, हथौड़ा, बैट, हॉकी, सेलफोन, गिटार, छतरी, जीप, स्पाइडर मैन और स्पेशल इलेक्ट्रिक पिचकारी की खूब मांग है। साथ ही रंग-बिरंगे मुखौटे और कार्टून चरित्रों के अलावा योगी और मोदी के मास्क भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कीमतों में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है। साधारण गुलाल 20 से 80 रुपए, हर्बल गुलाल 40 से 250 रुपए और पिचकारियां 50 से 1200 रुपए तक बिक रही हैं। गुलाल सिलेंडर 1200 से 2000 रुपए तक उपलब्ध है। केमिकल युक्त रंगों से बचने के लिए लोग हर्बल और त्वचा के अनुकूल रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में हर्बल रंगों की बिक्री में 20 से 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कुर्ता-पायजामा और फैमिली होली टी-शर्ट का बढ़ा क्रेज होली को लेकर शहर के बाजारों में कुर्ता-पायजामा की बिक्री तेज हो गई है। सफेद कुर्ता-पायजामा की मांग सबसे अधिक है। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक पारंपरिक परिधान को लेकर खास उत्साह है। दुकानों में नए डिजाइन और किफायती दाम पर कुर्ता-पायजामा भी उपलब्ध है। इसके अलावा जींस, टी-शर्ट समेत अन्य कपड़ों की भी जमकर बिक्री हो रही है। बाजार में होली टी-शर्ट के साथ-साथ फैमिली होली टी-शर्ट को भी लोग पसंद कर रहे हैं। होली फैमिली टी-शर्ट परिवार के सभी सदस्यों के लिए एक ही रंग और डिजाइन की होती है। सिर्फ साइज अलग होता है। गुजिया, मिठाई और ड्रायफ्रूट गिफ्ट पैक की बिक्री में तेजी होली को ले मिठाई दुकानों में भी बिक्री तेज हो गई है। पारंपरिक गुजिया से लेकर खोया, नारियल और सूखे मेवों से बनी अलग-अलग वैरायटी की गुजिया दुकानों में सजी हैं। चॉकलेट और बेक्ड गुजिया भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। काजू कतली, गुलाब जामुन, रसगुल्ला, सोहन पापड़ी और मिल्क केक की बिक्री बढ़ी है। चॉकलेट और ड्रायफ्रूट गिफ्ट पैक युवाओं व कॉरपोरेट ग्राहकों की पसंद बनी हुई है। बादाम, काजू, पिस्ता, किशमिश व अखरोट से सजे प्रीमियम पैक 1000 से 3000 रुपए तक उपलब्ध हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



