Dhanbad News: झिलिया नदी पर बन रहे पुल का डायवर्सन तेज बारिश में बहा
Dhanbad News: लगातार बारिश ने कुमारधुबी-मैथन रोड पर झिलिया नदी पर बन रहे पुल का डायवर्सन बहा दिया है, जिससे बड़ी गाड़ियों का आवागमन बाधित हो गया है। स्थानीय लोग लामबंद होकर प्रशासन से वैकल्पिक मार्ग और पुल निर्माण में तेजी लाने की मांग कर रहे हैं।

Dhanbad News: लगातार बारिश ने आखिरकार वही हुआ, जिसकी आशंका लोगों ने महीनों पहले जताई थी। कुमारधुबी-मैथन रोड स्थित झिलिया नदी पर बन रहे पुल का डायवर्सन तेज बारिश में बह गया है। इससे इस रास्ते बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। फिलहाल केवल बाइक सवार और पैदल राहगीर ही किसी तरह आवाजाही कर पा रहे हैं। बता दें कि कुमारधुबी और मैथन को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित पुराने झिलिया पुल को तोड़कर नया व चौड़ा पुल बनाया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्माण के दौरान आवाजाही बनाए रखने के लिए एक अस्थायी कच्चा और संकरा डायवर्सन बनाया गया था।
शुरुआत से ही स्थानीय लोगों, प्रबुद्ध जनों और जनप्रतिनिधियों ने इसका विरोध किया था कि यह डायवर्सन बारिश का दबाव नहीं झेल पाएगा। इसके बावजूद विभाग ने इसे मजबूत करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।नतीजतन, पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण झिलिया नदी का यह अस्थायी डायवर्सन टूटकर बह गया। मार्ग पर वाहनों का परिचालन बंद होने से लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे आम जनता, स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने तथा पुल निर्माण कार्य में तेजी लाकर आवागमन बहाल करने की मांग की है।


