
स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार और व्यायाम जरूरी : डॉ सरकार
धनबाद में बीसीसीएल के मानव संसाधन विकास विभाग द्वारा स्वस्थ जीवनशैली एवं कर्मचारी कल्याण पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। डॉ एसएस सरकार ने कर्मचारियों को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में...
धनबाद, विशेष संवाददाता कार्य का तनाव, अनियमित दिनचर्या और निष्क्रिय जीवनशैली कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव डाल रही है। स्वास्थ्य केवल बीमारी का अभाव नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक संतुलन की स्थिति है। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त विश्राम और सकारात्मक सोच को अपने दैनिक जीवन में शामिल करें। स्वस्थ कर्मचारी न केवल अपनी उत्पादकता बढ़ाते हैं, बल्कि संगठन की प्रगति में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उक्त बातें डॉ एसएस सरकार, पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बीसीसीएल ने कहीं। स्पेशल कैंपेन 5.0 के तहत शनिवार को बीसीसीएल में मानव संसाधन विकास विभाग (एचआरडी), कल्याण भवन, जगजीवन नगर में स्वस्थ जीवनशैली एवं कर्मचारी कल्याण विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
डॉ सरकार विषय-विशेषज्ञ (फैकल्टी) के रूप में संबोधित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के प्रति प्रेरित करने के साथ कार्य-जीवन संतुलन के महत्व को रेखांकित करना था। कार्यक्रम में कोयला भवन मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों के 60 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। महाप्रबंधक (एचआरडी) अनूप कुमार रॉय ने कहा कि बीसीसीएल अपने सभी कर्मचारियों के कल्याण, सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन की असली शक्ति उसके कर्मचारी हैं, और उनका शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य ही संस्थान की प्रगति की नींव है। मौके पर एचआरडी के राधेश्याम दुबे, वरीय प्रबंधक (खनन), उमेश पासवान, वरीय प्रबंधक (उत्खनन) एवं अन्य उपस्थित रहे। मंच संचालन दीपक कुमार, प्रबंधक (खनन) ने किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




