भक्तों ने बाबा श्याम को अर्पित किए 201 निसान

Newswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share

अपरा एकादशी के अवसर पर झरिया श्री श्याम मंदिर से भव्य निसान शोभायात्रा निकाली गई। पंडित कैलाश पांडेय ने शोभायात्रा का प्रारंभ किया, जिसमें भक्तों ने भक्ति गीत गाए और बाबा को फूल, गुलाल, और इत्र अर्पित किए। शाम को भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने देर रात तक नृत्य किया।

भक्तों ने बाबा श्याम को अर्पित किए 201 निसान

अपरा एकादशी के पावन अवसर पर बुधवार को झरिया श्री श्याम मंदिर से भव्य निसान शोभायात्रा निकाली गई। उत्सव की शुरुआत पंडित कैलाश पांडेय ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ निसान पूजन कराकर की, जिसमें यजमान के रूप में राजू अग्रवाल सपरिवार शामिल हुए। इसके बाद गाजे-बाजे और 'हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा' व 'खाटू नरेश की जय' के जयकारों के साथ शोभायात्रा रवाना हुई। आगे फूलों से सुसज्जित बाबा का भव्य दरबार और पीछे हाथों में पवित्र निसान लिए नाचते-झूमते भक्तों का कारवां चल रहा था। शोभायात्रा लक्ष्मीनिया मोड़, सब्जी पट्टी, बाटा मोड़, मेन रोड, चार नंबर मोड़ और धर्मशाला रोड होते हुए पुनः मंदिर पहुंची।

यहां 201 श्याम भक्तों ने बारी-बारी से बाबा को निसान अर्पित किए। दोपहर में विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूलों से बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने बाबा को गुलाल, इत्र, मोरपंख और पेड़ा अर्पित किया।शाम को संध्या आरती के बाद स्थानीय भजन गायकों ने गणेश वंदना से भजन-कीर्तन की शुरुआत की। सांवरियो थाने किसने सजायो..., यह निसान है खाटू वाले का इसको हाथों में उठा लेना..., आज एकादश की रात है बाबा थाने आनों है... जैसे भजनों पर श्याम भक्त देर रात तक झूमते रहे। इस मौके पर अध्यक्ष रघुवीर गोयल, सचिव शिवकुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विवेक सिंघल, सह कोषाध्यक्ष संदीप कथूरिया, विक्की शर्मा, यशवंत अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल आदि सदस्य मौजूद थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।