मंगल भवन अमंगल हारी, नारायणी थारो नाम सुखारी...
धनबाद में राणी सती दादी जी का दो दिवसीय महोत्सव आयोजित किया गया, जिसमें 601 महिलाएं शामिल हुईं। मंगल पाठ में दादी जी की गाथा का वाचन हुआ। कार्यक्रम में भजन, पूजा और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।...

धनबाद, वरीय संवाददाता। मंगल भवन अमंगल हारी, नारायणी थारो नाम सुखारी... धोये-धोये अंगने में आओ म्हारी दादी जी.. जैसे सुमधुर भजनों के बीच धनसार स्थित होटल सिद्धि विनायक में मंगल पाठ व ज्योत का आयोजन हुआ। मौका था श्री नारायणी परिवार झरिया धनबाद की ओर से आयोजित राणी सती दादी जी के दो दिवसीय महोत्सव का। मंगल पाठ में 601 महिलाएं शामिल हुईं। राणी दादी के जन्म से लेकर सती होने तक की गाथा का बखान मंगल पाठ में किया गया। इससे पूर्व गणेश वंदना से पाठ की शुरुआत हुई। पाठ का वाचन कोलकाता की कथावाचक देविका बाजोरिया व श्वेता सरावगी मंगल पाठ एंड पार्टी ने किया। इस दौरान चुनरी व मेहंदी उत्सव भी मनाया गया। पंडित पवन चौबे ने पूजन कराया। मेवा व फल का भोग लगाया गया। महोत्सव को लेकर कार्यक्रम स्थल को फूल व विद्युत लाइट से आकर्षक तरीके से सजाया गया। रात साढ़े आठ बजे दादी जी को छप्पन भोग लगाया गया। इस दौरान झरिया के कलाकार पंकज मोदी व मनीष ने एक से बढ़कर भजन पेश किए। गायकों ने सारे घर में डंका बाजे मां राणी सती की….. दे दे थोड़ा प्यार दादी जी….. दादी खोल दे दरवाजे म्है झुंझुनु आवनगा..… आदि भजनों से भक्तों को भाव से भर दिया।
राणी सती दादी का दिव्य शृंगार : महोत्सव में दादी जी का दिव्य शृंगार किया गया। इसके बाद चरण पादुका पूजा, आरती व बूंदिया भोग लगाया गया। दादी जी की महाआरती के पश्चात महाप्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में गोपाल अग्रवाल, प्रवीण भिवानीवाला, प्रदीप तुलस्यान, राजेंद्र गोयल, आनंद बुसानिया, सुशील भिवानीवाला के साथ नारायणी परिवार के सदस्यों का योगदान रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।