धनबाद की नदियों को संवारेगी केंद्र सरकार
संक्षेप: धनबाद को केंद्र सरकार के अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्रोग्राम के तहत प्रदूषित नदियों के सुधार के लिए चुना गया है। एनआईएयू की टीम दामोदर नदी का निरीक्षण कर रही है। योजना का उद्देश्य नदियों में गिर रहे गंदे...

धनबाद। देश में प्रदूषित नदियों को संवारने के लिए केंद्र सरकार के अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्रोग्राम के लिए धनबाद का चयन किया गया है। शहरी विकास मंत्रालय के नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ अर्बन अफेयर (एनआईएयू) की टीम धनबाद की नदियों का निरीक्षण करने पहुंची है। टीम दामोदर और सहायक नदियों की स्थिति का आकलन कर रही है। देश की नदियों में बढ़ते प्रदूषण और अतिक्रमण को रोकने के लिए रिवर मैनेजमेंट प्रोग्राम की शुरुआत हुई है। इसके लिए झारखंड के पांच नगर निकाय का चयन किया गया है। इसको लेकर दिल्ली से तीन सदस्यीय टीम ने धनबाद में दामोदर नदी के घाट का निरीक्षण किया।
मोहलबनी और सिंदरी के डोमगढ़ घाट की स्थिति देखी। टीम में कोमल प्रीत, कोमल कुमारी और अमित कुमार शामिल हैं। योजना का लक्ष्य है कि नदियों में गिर रहे गंदे पानी को रोककर उसे स्वच्छ और सुंदर बनाया जाए। नदी के घाट को ऐसा विकसित किया जाए जिससे कि पर्यटक यहां घूमने के लिए आ सकें। नदी तट का विकास और पौधरोपण को बढ़ावा: केंद्र सरकार की योजना के तहत झारखंड के पांच शहरों से होकर गुजरने वाली नदियों का जल्द पुनरुद्धार किया जाएगा और पर्यावरण अनुकूल वातावरण विकसित किया जाएगा। नदी के तट का विकास किया जाएगा और नदी के किनारे पौधरोपण को बढ़ावा दिया जाएगा। नदियों की धार को रोकने वालों को चिह्नित कर उसे सुधारा जाएगा। विश्व बैंक की मदद से केंद्र सरकार यह योजना झारखंड में लागू कर रही है। गुजरात मॉडल पर नदियों को किया जाएगा प्रदूषण मुक्त: गुजरात में केंद्र सरकार ने यह योजना सबसे पहले शुरू की थी। इसको मॉडल बनाकर झारखंड समेत दूसरे राज्यों में उसे लागू किया जा रहा है। नदियों को प्रदूषण मुक्त करने के लिए ही यह योजना देशभर में शुरू की गई है। धनबाद में निरीक्षण कर रही टीम की रिपोर्ट पर ही डीपीआर तैयार की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




