
गैस रिसाव से प्रभावितों ने कहा- जान देंगे, जमीन नहीं
धनबाद के केंदुआडीह में गैस रिसाव से प्रभावित ग्रामीणों ने कहा कि वे अपनी जमीन नहीं छोड़ेंगे। स्थानीय नेताओं ने बीसीसीएल प्रबंधन पर आरोप लगाया कि वे समस्या का समाधान करने में असफल हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सभी आउटसोर्सिंग का चक्का जाम कर देंगे।
धनबाद, प्रमुख संवाददाता केंदुआडीह में गैस रिसाव से प्रभावित ग्रामीणों की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता में प्रभावित लोगों ने कहा कि जान दे देंगे लेकिन जमीन छोड़कर यहां से नहीं जाएंगे। स्थानीय यूनियन नेता जय प्रकाश चौहान ने कहा कि यहां के लोग जान दे देंगे, लेकिन जमीन छोड़कर बेलगड़िया नहीं जाएंगे और न ही बीसीसीएल प्रबंधन की मंशा को सफल होने देंगे। सोमवार को केंदुआडीह में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि गैस रिसाव में पूरी तरह से बीसीसीएल मैनेजमेंट और डीजीएमएस जिम्मेवार है। अगर बीसीसीएल गैस रिसाव पर काबू के लिए ठोस कदम नहीं उठाती है तो आनेवाले दिनों में पूरा पीबी एरिया एवं बीसीसीएल एरिया छह के अंतर्गत चल रही आउटसोर्सिंग एवं ट्रांसपोर्टिंग को पूरी तरह से ग्रामीण बंद कर देंगे।

भाजपा नेता व टाइगर फोर्स के अवधेश पासवान ने कहा कि बीसीसीएल गैस रिसाव रोकने के बदले लोगों में भय का माहौल पैदा कर रही है, जिससे लोग यहां से पलायन कर जाएं। अधिकारी एक बात सुन समझ लें कि कोई यहां से नही जाएगा। यही जिएंगे और यहीं मरेंगे। मटकुरिया कांड में केंदुआ के ही लोगो ने शहादत दी थी, अब फिर से शहादत देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल बंद पड़े चानक, पंखा घर का मुंह खोले व गैस निकाले। कांग्रेस के अन्नू पासवान ने कहा कि बीसीसीएल दो दिनों मे समस्या का निदान नहीं करती है तो पीबी व कुसुंडा एरिया के सभी आउटसोर्सिंग का चक्का जाम कर देंगे। प्रेसवार्ता में गैस प्रभावितों के साथ केंदुआ पांच नंबर के जाहिद, राजपूत बस्ती के दीनानाथ सिंह, मनोज राय, टाइगर फोर्स के अवधेश पासवान, वार्ड 12 पार्षद गोविंदा राउत उर्फ कृष्णा राउत, राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के जयप्रकाश चौहान, अन्नू पासवान, अनिता देवी, शाहजहां खातून आदि ने अपनी बात रखी। मौके पर गैस प्रभावित क्षेत्र केंदुआ पांच नंबर, केंदुआ नया धौड़ा के महिला-पुरुष के साथ मोनू पाठक, मिस्टर, बमबम यादव, रीता देवी, रियाज अंसारी, नीतू देवी, मंजू देवी, मुन्नी खातून, सैरुनिशा, मंगल सिंह, मनोज पासवान, रामअवतार, अरशद अंसारी आदि थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




