Dhanbad News: गैस सिलेंडर में लगी आग, टला बड़ा हादसा
Dhanbad News: अलकडीहा में नया प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को एमडीएम खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते ही बच्चे इधर-उधर भागने लगे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बच्चों को बाहर निकाला और ग्रामीणों ने आग बुझाई। संयोग से सिलिंडर नहीं फटा। प्राचार्य ने छात्रों की संख्या और अध्यापक की कमी की जानकारी दी।

Dhanbad News: अलकडीहा। बलियापुर प्रखंड अंतर्गत नया प्राथमिक विद्यालय हरि बोल थान मुकुंदा में शुक्रवार को बच्चों का एमडीएम खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते ही लपटें जोर-जोर से उठने लगीं, जिससे अफरातफरी मच गई और बच्चे इधर-उधर भागने लगे। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण जुट गए।
ग्रामीणों का सहयोग
विद्यालय के प्रधानाध्यापक गिरधारी महतो ने सभी बच्चों को तुरंत क्लास से बाहर निकाला। इसी बीच मुकुंदा पंचायत समिति सदस्य हीरालाल मोदक ने साहस का परिचय देते हुए गैस सिलेंडर को झगड़ के माध्यम से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने पानी, बालू और भिंगे हुए बोरे की मदद से किसी तरह आग बुझाया, तब जाकर सबने राहत की सांस ली। संयोग अच्छा था कि सिलिंडर फटा नहीं, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। हादसे के बाद बिना एमडीएम के ही बच्चों को छुट्टी दे दी गई।
विद्यालय का बयान
घटना के संबंध में विद्यालय के प्राचार्य गिरधारी महतो ने कहा कि माता समिति द्वारा खाना बनाने के क्रम में आग लगी थी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में अग्निशमन यंत्र था, लेकिन वह एक्सपायर हो चुका है। विद्यालय में कुल बच्चों की संख्या 33 है, जिसमें 18 छात्राएं और 15 छात्र हैं। आज की उपस्थिति में कुल 22 बच्चे ही आए थे। प्राचार्य ने संकुल संसाधन विभाग (सीआरपी) को इसकी सूचना दे दी है। इस विद्यालय में महज एक ही शिक्षक गिरधारी महतो हैं। उन्होंने कहा कि अकेले बच्चों को पढ़ाने में काफी दिक्कत होती है, इसलिए उन्होंने विद्यालय में अतिरिक्त शिक्षक देने की मांग की है।


