
चंद्रशेखर अग्रवाल होंगे झामुमो समर्थित मेयर उम्मीदवार : मथुरा
धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल को झामुमो ने अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। विधायक मथुरा महतो ने कहा कि पार्टी को अग्रवाल के आने से मजबूती मिलेगी। बैठक में पूर्व मेयर ने अपने विकास कार्यों का जिक्र किया और कहा कि वे फिर से जनसमर्थन प्राप्त करेंगे। हालांकि, महानगर अध्यक्ष ने इस निर्णय का विरोध किया है।
धनबाद, प्रमुख संवाददाता भाजपा छोड़कर झामुमो का दामन थामने वाले पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल को झामुमो ने अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया है। मंगलवार को गोल्फ ग्राउंड में आयोजित झामुमो जिला कमेटी की बैठक में यह घोषणा टुंडी विधायक सह पार्टी के मुख्य सचेतक मथुरा महतो ने की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सह पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने इन्हें पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार बनाया है। चार फरवरी को गोल्फ ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक की गई। बैठक में विधायक मथुरा महतो ने कहा कि चंद्रशेखर अग्रवाल के आने से पार्टी मजबूत होगी। पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है।
एक सवाल के जवाब में विधायक ने कहा कि डॉ नीलम मिश्रा पर फैसला पार्टी करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का कोई दूसरा कार्यकर्ता मेयर पद पर चुनाव नहीं लड़ेगा। वहीं पार्टी में शामिल होने के बाद पहली बार बैठक में पहुंचे पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने पांच साल तक धनबाद में विकास किया है। आने वाले दिनों में भी जनसमर्थन मिलेगा और फिर से विकास करेंगे। इसे नए आयाम तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक बड़ी शक्ति मेरे साथ जुड़ गई है। इसका परिणाम बहुत ही अच्छा आएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष के आरोप पर पूर्व मेयर ने कहा कि विकास मेरा लक्ष्य है, आगे भी इसी काम को करने के लिए यहां आए हैं। मौके पर जिलाध्यक्ष लक्खी सोरेन, महासचिव मन्नू आलम, देबू महतो, जिला उपाध्यक्ष मुकेश सिंह, व्यवसायिक मोर्चा के जिलाध्यक्ष हरीश सिंह, समीर रवानी समेत अन्य थे। महानगर अध्यक्ष ने किया विरोध झामुमो के महानगर अध्यक्ष मंटू चौहान ने प्रेसवार्ता कर चंद्रशेखर अग्रवाल को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी बनाने का विरोध किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने डॉ नीलम मिश्रा को अधिकृत किया था। रांची में इसकी घोषणा हुई थी। अभी तक चंद्रशेखर अग्रवाल को पार्टी समर्थित प्रत्याशी बनाने की कोई सूचना उनके पास नहीं है। जब तक पार्टी की ओर से जानकारी नहीं दी जाएगी, महागनर कमेटी डॉ नीलम मिश्रा को ही अपना उम्मीदवार मानेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




