
कतरास राहुल चौक से गंगा गोशाला तक बनेगा फ्लाईओवर
कतरास में राहुल चौक से गोशाला पुल तक फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है। इससे जाम की समस्या का समाधान होगा। एनएचएआई की टीम ने रेलवे फाटक और सड़क के बीच की दूरी मापी। संकरा फाटक जाम का मुख्य कारण है। इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
कतरास, प्रतिनिधि कतरास के राहुल चौक से लेकर गोशाला पुल तक फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाएगा। इससे लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। फ्लाईओवर निर्माण को लेकर गुरुवार को एनएचएआई की टीम ने रेलवे फाटक व सड़क के बीच की दूरी मापी। अधिकारियों ने बताया कि फाटक संकरा होने की वजह से यहां प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसी कारण स्थल निरीक्षण किया गया है। उल्लेखनीय है कि 10 अगस्त को आपके अपने लोकप्रिय अखबार हिन्दुस्तान के बोले धनबाद पेज पर संकरे फाटक के कारण लगता है जाम, रॉन्ग साइड से पहुंचते हैं माता के मंदिर शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी।
इसके बाद ही एनएचएआई और रेलवे की संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने की पहल की है। बता दें कि राजगंज-महुदा फोरलेन सड़क पर मां लिलौरी मंदिर के समीप स्थित निचितपुर लिंक लाइन रेलवे फाटक के कारण लगातार जाम की समस्या और प्राय: दुर्घटनाओं का सामना कतरासवासियों समेत यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और आमजन को करना पड़ता है। मापी करने पहुंची टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर का ढांचा कतरास के राहुल चौक से लेकर गोशाला पुल को पार करते हुए गंगा गोशाला तक विस्तारित करने की योजना है। इससे न केवल जाम से छुटकारा मिलेगा, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के डिप्टी मैनेजर आदित्य प्रकाश, अमन उपाध्याय, कतरास रेलवे के आईओडब्ल्यू राजेश प्रसाद पासवान, तस्लीम अहमद सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




