ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड धनबादराजधानी से धनबाद आए पांच यात्रियों पर गहराया कोरोना का खतरा

राजधानी से धनबाद आए पांच यात्रियों पर गहराया कोरोना का खतरा

झारखंड में अभी तक एक भी कोरोना का संक्रमित सामने नहीं आया है, लेकिन शनिवार की रात बंगाल से आई एक खबर ने धनबादवासियों की चिंता बढ़ा दी...

राजधानी से धनबाद आए पांच यात्रियों पर गहराया कोरोना का खतरा
हिन्दुस्तान टीम,धनबादSun, 29 Mar 2020 02:36 AM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड में अभी तक एक भी कोरोना का संक्रमित सामने नहीं आया है, लेकिन शनिवार की रात बंगाल से आई एक खबर ने धनबादवासियों की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल 20 मार्च को नई दिल्ली-सियालदह राजधानी एक्सप्रेस से धनबाद पहुंचे पांच यात्रियों पर कोरोना का खतरा मंडरा रहा है।

पांचों यात्री राजधानी एक्सप्रेस की बी-9 बोगी में सफर करते हुए धनबाद पहुंचे थे। सीनियर डीसीएम अखिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि बोगी के जिस कंपार्टमेंट में यह पांचों यात्री बैठे थे, उसी कंपार्टमेंट में सफर कर नई दिल्ली से सियालदह गए पांच यात्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पीड़ित सभी यात्री बंगाल के नादिया जिले के टेहटा के मूल निवासी हैं। कोलकाता में शुक्रवार को हुई उनकी कोरोना जांच में यह खुलासा हुआ। उनके पॉजिटिव पाए जाने के बाद हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर विभाग के कमिश्नर ने धनबाद रेल मंडल के अलावा बी-9 बोगी में सफर कर रहे सभी अन्य यात्रियों और ट्रेन कर्मी को खोजने की पहल शरू की है।

पांचों यात्रियों की खोजबीन शुरू

छानबीन में पता चला कि पॉजिटिव पाए गए सभी यात्री सियालदह राजधानी की बी-9 बोगी में 34, 36 और 38 नंबर बर्थ पर 19 मार्च को नई दिल्ली स्टेशन पर चढ़े थे। इसी कंपार्टमेंट पर 37 और 40 नंबर बर्थ पर कानपुर से दो यात्री सवार हुए थे, जो धनबाद स्टेशन पर उतरे। इसके अलावा 41, 44 व 46 नंबर बर्थ पर नई दिल्ली से सवार होकर तीन यात्री धनबाद आये थे। रेलवे जिला प्रशासन के साथ मिलकर पांचों लोगों की खोजबीन में जुट गई है।

------

कोरोना पीड़ित में एक नौ माह का नवजात भी

पॉजिटिव पाए गए यात्रियों में एक नौ माह का नवजात भी है। उसकी छह साल की बहन और मां भी पॉजिटिव पाई गई हैं। इस परिवार के करीबी एक अन्य परिवार की महिला और उनकी पुत्री भी कोरोना से ग्रसित पाई गईं हैं। सबका इलाज कोलकाता के बेलियाघाट स्थित एक अस्पताल में किया जा रहा है।

यूके से आए रिश्तेदार से मिलने गए थे दिल्ली

कोरोना पॉजिटिव पाए गए दोनों परिवारों ने बताया कि वे लोग 16 मार्च को यूनाइटेड किंगडम से आए अपने एक रिश्तेदार से मिलने के लिए दिल्ली गए थे। वहां दोनों बच्चियों के पिता सहित परिवार के अन्य 24-25 सदस्य भी आए थे। रिश्तेदार से मुलाकात के बाद बच्चियों के पिता वहां से उत्तराखंड लौट गए जबकि बाकी पांचों लोग वहां से राजधानी एक्सप्रेस से सियालदह स्टेशन और फिर ऑटो पर सवार होकर पांचों नादिया जिले के टेहटा पहुंचे थे। बंगाल सरकार उनके संपर्क में आए अन्य लोगों की भी जांच करवा रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें