दीपावली से पहले 148 छठ घाटों में पहले चरण की होगी सफाई
धनबाद। छठ-दीपावली त्यौहार को लेकर नगर आयुक्त ने शहर में सफाई व्यवस्था पर समीक्षा बैठक की। नगर आयुक्त रविराज शर्मा ने सभी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी...

धनबाद। छठ-दीपावली त्यौहार को लेकर नगर आयुक्त ने शहर में सफाई व्यवस्था पर समीक्षा बैठक की। नगर आयुक्त रविराज शर्मा ने सभी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि दीपावली से पहले शहर में 148 छठ घाटों में पहले चरण की सफाई करने का निर्देश दिया गया है। नगर आयुक्त ने बताया कि निगम क्षेत्र में 148 छठ घाट चिह्नित किए गए हैं, जहां छठ पूजा की जाती है। इसमें तालाब, नदी, पिट वाटर, जोरिया शामिल हैं। इनकी सफाई नगर निगम द्वारा दो चरणों में कराई जाएगी। पहले चरण में दीपावली से पहले सफाई होगी। वहीं दूसरे चरण की सफाई दीपावली और छठ के बीच युद्धस्तर पर की जाएगी। छठ से पहले हर हाल में सभी छठ घाटों को सफाई पूरी होगी। नगर आयुक्त ने बताया कि खतरनाक छठ घाटों की बैरकेटिंग कराई जाएगी। साथ ही अधिक गहरे पानी से पहले खतरा का बोर्ड लगाया जाएगा। सभी स्वच्छता निरीक्षकों को खतरनाक घाटों की सूची बनाने का निर्देश नगर आयुक्त ने दिया है। नगर आयुक्त ने बताया कि अधिक भीड़ वाले छठ घाटों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से तैराक की तैनाती की जाएगी। इसके लिए एनडीएआरएफ से संपर्क किया जा रहा है। शहर में रानीबांध, बेकारबांध, राजा तालाब बिग बाजार, झरिया राजा तालाब, विकास नगर छठ घाट में सर्वाधिक भीड़ होती है। इन जगहों पर तैराक की तैनाती होगी।
नगर आयुक्त ने शहर के तालाबों को साफ रखने में लोगों से सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपावली में लोग घरों से निकलने वाले कचरे को तालाब में डाल देते हैं। इससे सफाई कर्मियों को दोबारा सफाई करनी होती है। लोगों से आग्रह है कि घर का कचरा तालाब में नहीं फेंके।
