रेल लाइन के पास झाड़ियों में लगी आग, दो घंटे थमे रहे ट्रेनों के पहिये
धनबाद-बोकारो रेल खंड में फुलारीटांड़ और बंद जमुनिया हॉल्ट के बीच रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में आग लग गई। इस घटना के कारण दो घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। रेलवे कर्मचारियों ने दमकल आने से पहले आग बुझाने का प्रयास किया। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू किया गया।

धनबाद-बोकारो रेल खंड अंतर्गत फुलारीटांड़ और बंद जमुनिया हॉल्ट के बीच एडवांस सिग्नल के समीप सोमवार दोपहर रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में अचानक आग लग गई। इस घटना के कारण सुरक्षा की दृष्टि से करीब दो घंटे तक इस रेल खंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। झाड़ग्राम-धनबाद ईएमयू सवारी गाड़ी को जमुनियाटांड़ स्टेशन पर रोकना पड़ा। घटना की सूचना दोपहर करीब डेढ़ बजे भुवनेश्वर-धनबाद गरीब रथ के चालक दल ने कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही रेल टीआई सूर्यकांत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल के पहुंचने से पहले ही रेल कर्मियों ने डंडों और बाल्टी में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
इस दौरान आग पर काबू पाने की कोशिश में टीआई सूर्यकांत की हथेली और कुछ अन्य कर्मियों के हाथ आंशिक रूप से झुलस गए। शाम चार बजे जब फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक रेल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पा लिया था। रेल कर्मियों ने आशंका जताई कि आग रेलवे लाइन के नीचे स्थित कोल परियोजनाओं की ओर से आई होगी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेनों का परिचालन पुनः शुरू कराया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



