बिजली चोरी के खिलाफ विभाग का अभियान गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धनबाद, गोविंदपुर और झरिया डिवीजन क्षेत्र में कुल 76 जगहों पर अभियान चलाया गया, जिसमें चोरी से बिजली जलाने के आरोप में 13 लोग पकड़े गए। इन पर एफआईआर दर्ज करते हुए एक लाख 94 हजार 613 रुपए का जुर्माना लगाया गया।। बुधवार को 31 लोग पकड़े गए थे। गुरुवार को छापेमारी के दौरान स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया था। पुलिस बल भी काफी संख्या में मुस्तैद दिखा। छापेमारी का नेतृत्व अपने- अपने डिवीजन के कार्यपालक अभियंता एवं एसडीओ कर रहे थे। अभियान के दौरान ऐसे लोग भी पकड़े गए, जो पूर्व में भी कई बार चोरी से बिजली जलाते पकड़े गए थे। वहीं गोविंदपुर डिवीजन से चार लोग पकड़े गए और 31 हजार रुपए जुर्माना लगाया। नया बाजार से छह लोग पकड़े गए और एक लाख 19 हजार 543 रुपए और झरिया की 23 जगहों पर अभियान चलाते हुए तीन लोग पकड़े गए और 44 हजार 70 रुपए जुर्माना लगाया। कार्यपालक अभियंता एसबी तिवारी ने यह जानकारी दी। कहा कि हेड क्वार्टर के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है और यह आगे भी चलेगा।
अगली स्टोरी