
हादसे में युवक की मौत के बाद अस्पताल में तोड़फोड़, रोड जाम, डॉक्टरों को पीटा, पुलिस का लाठीचार्ज
धनबाद में शुक्रवार रात कोयलांचल सिटी के पास एक भीषण बाइक दुर्घटना में 25 वर्षीय नंदू रॉय की मौत हो गई। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। नंदू की मौत के बाद अस्पताल में भीड़ ने उत्पात मचाया, तोड़फोड़...
धनबाद ,भूली हिटी आठ लेन सड़क के सर्विस लाइन में 99 कोयलांचल सिटी के समीप शुक्रवार की रात दो बाइक की हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। मृतक की पहचान बारामुड़ी बस्ती के रहने वाले 25 वर्षीय नंदू रॉय के रूप में हुई है जबकि दोनों घायल बारामुड़ी खटाल के 16 वर्षीय श्याम एवं 17 वर्ष का नंदन यादव बताया जाता है । घायलों को अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नंदन की स्थिति गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार की रात 8:30 बजे नंदन यादव और श्याम बाइक से 99 कोयलांचल सिटी से दूध बांटकर विनोद बिहारी चौक की ओर लौट रहे थे, इसी दौरान विनोद बिहारी चौक की ओर से ब्लिंककीट डिलीवरी का बैग लेकर बाइक से आ रहे नंदू राय की उनसे सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। टक्कर इतनी जोरदार थी की दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद आसपास के लोग जुटे तथा तीनों को टेंपो से अशर्फी अस्पताल ले गए। जहां नंदू को डॉक्टर ने मृत घोषित किया कर दिया वहीं श्याम और नंदन का इलाज अशर्फी में चल रहा है। शव देखकर खोया आपा, इमरजेंसी में तोड़फोड़ : नंदू रॉय की मौत की खबर पाते ही बारामुड़ी बस्ती के सैकड़ो की संख्या में महिला पुरुष युवक पहुंच गए। नंदू को टेंपो में ही पड़ा देखा तो लोग उग्र हो गए और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज न करने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर उत्पात मचाते हुए तोड़फोड़ की। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड को तहस-नहस कर दिया। अस्पताल के अन्य कई जगहों के शीशे दरवाजे सभी तोड़ डालें। वहीं अस्पताल के बाहर सैकड़ो की संख्या में लोगों ने सड़क जाम कर दिया और कई आने और जाने वाले वाहनों के साथ मारपीट की एक एंबुलेंस का शीशा देख तोड़ दिया। अशर्फी के सामने आठ लेन सड़क को बाइक ,कार और बांस लगाकर लगभग आधे घंटे तक जाम कर दिया। इमरजेंसी में डॉक्टरों और सुरक्षाकर्मियों को पीटा : आक्रोशित लोगों ने अशर्फी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जमकर उत्पाद मचाया। सभी मॉनिटर व मेडिकल इक्विपमेंट तोड़ दिए। सलाइन चढ़ाने वाले स्टील के स्टैंड से डॉक्टरों पर वार किया गया। बीच बचाव में सुरक्षा कर्मियों के साथ भी मारपीट की गई। वहां भर्ती मरीजों के बीच चिख पुकार मच गई। सूचना पाकर धनबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ भी गाली गलौज और धक्का मुक्की करने लगे। पुलिस ने किया लाठी चार्ज , मची भगदड़ : सड़क जाम कर रहे और अस्पताल में तोड़फोड़ कर रहे लोगों पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करनी पड़ी। लाठी चार्ज करते ही वहां भगदड़ मच गई। अचानक सड़क के दोनों ओर भागम भाग से वाहन चालकों के बीच अफरा- तफरी मच गई। पुलिस को कई राउंड लाठी चार्ज करनी पड़ी। रात के 10:30 के बाद मामला शांत हुआ। असंतुलित बोलेरो ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, बाल बाल बचा बाइक सवार : धनबाद। पुलिस के लाठी चार्ज के दौरान वहां अफरा तफरी मच गई। इस दौरान बिरसा मुंडा पार्क की ओर से तेज गति से आ रहे एक बोलेरो ने अशर्फी के सामने खड़े स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की स्कॉर्पियो घसीटते हुए आगे जाकर एक बाइक सवार से जा टकराया। बाइक सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाइक छोड़कर लोहे के बैरिकेड से सर्विस लेन में छलांग लगा दी जिससे वह बाल बाल बच गया स्कॉर्पियो ने बाइक को चपटा कर दिया। बाइक सवार विजय महतो की जान हादसे में बाल बाल बच गई। इधर बोलोरो का एयर बैग खुल गया। उस पर सवार लोग भी बाल-बाल बच गए। इस हादसे के बाद भी वहां जाम लग गया। मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम छुड़ाया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




