Dhanbad News: नेत्र उत्सव के साथ भगवान जगन्नाथ महोत्सव शुरू
Dhanbad News: धनबाद, धनसार स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में नेत्र उत्सव और रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। भक्तों ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। पुजारियों ने भगवान का नेत्र पूजन किया और विशेष शृंगार के बाद भगवान सिंहासन पर विराजमान हुए। रथ यात्रा कल भव्य रथ पर नगर भ्रमण के लिए निकलेगी।

Dhanbad News: धनबाद, वरीय संवाददाता। धनसार स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में मंगलवार की संध्या नेत्र उत्सव श्रद्धा और वैदिक अनुष्ठानों के बीच संपन्न हुआ। साथ ही वार्षिक श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ हो गया। स्नान पूर्णिमा के बाद 14 दिनों तक एकांतवास (अनसर) में रहने के पश्चात भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा ने भक्तों को दर्शन दिए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रभु के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। नेत्र उत्सव के दौरान मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का नेत्र पूजन किया। इससे पूर्व दूध, दही, मधु, घी और विभिन्न फलों के रस से भगवान का अभिषेक किया गया। विशेष शृंगार के बाद प्रभु को सिंहासन पर विराजमान किया गया, जहां संध्या आरती के बाद भक्तों के लिए दर्शन की व्यवस्था की गई। 14 दिनों के उपरांत भगवान को अन्न का भोग भी अर्पित किया गया। जगन्नाथ सेवा संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि नेत्र उत्सव के साथ ही रथ यात्रा महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और रथ यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं。
कल निकलेगी भव्य रथ यात्रा
गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा भव्य रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद विधि-विधान के साथ रथ यात्रा शुरू होगी। रथ खींचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचेंगे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


