संजीव सिंह के कैंप में जश्न, बाकी में सन्नाटा
पॉलीटेक्निक स्थित मतगणना केंद्र पर पहले दिन उम्मीदवारों और समर्थकों की भीड़ थी, लेकिन दूसरे दिन सन्नाटा छा गया। संजीव सिंह के समर्थकों में उत्साह बढ़ा, जबकि अन्य कैंपों में मायूसी थी। विकास रंजन का कैंप चर्चा का विषय बना रहा, जहां भीड़ जमा रही। मतगणना के रुझानों ने जीत और हार की कहानी बयां की।

पॉलीटेक्निक स्थित मतगणना केंद्र का नजारा शनिवार को पूरी तरह बदला हुआ दिखा, जहां पहले दिन समर्थकों की भीड़ और नारों की गूंज थी, वहीं दूसरे दिन सन्नाटा ज्यादा और हलचल कम नजर आई। केंद्र के बाहर मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह, चंद्रशेखर अग्रवाल, शमशेर आलम और भाजपा समर्थित उम्मीदवार संजीव कुमार के कैंप को छोड़ दें तो अधिकतर कैंपों में न तो उम्मीदवार दिखे और न ही उनके समर्थकों की भीड़। मेयर पद के कई दावेदारों के कैंपों में वार्ड पार्षद पद के परिणाम का इंतजार कर रहे समर्थक डेरा डाले हुए थे। पुलिस की सख्ती का असर भी साफ दिखा।
पॉलीटेक्निक मोड़ के पास ही वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया था। दूसरे ड्रॉप गेट से केवल उन्हीं गाड़ियों को अंदर जाने की अनुमति थी, जिन्हें बूथ तक जाने की विशेष इजाजत मिली थी। तेज धूप के बीच अधिकांश लोगों को पैदल ही मतगणना केंद्र तक पहुंचना पड़ा। केंद्र के बाहर जहां एक ओर संजीव सिंह के कैंप में धीरे-धीरे उत्साह बढ़ता जा रहा था, वहीं अन्य कैंपों में मायूसी छाने लगी थी। भाजपा समर्थित उम्मीदवार संजीव कुमार के कैंप में विधायक राज सिन्हा भी काफी देर तक मौजूद रहे और कार्यकर्ताओं से बातचीत की, लेकिन माहौल की निराशा कम नहीं हो सकी। जैसे-जैसे मतगणना के रुझान सामने आते गए, संजीव सिंह के समर्थकों में उत्साह चरम पर पहुंच गया। नारेबाजी और खुशी की लहर ने उनके कैंप को जश्न के रंग में रंग दिया। इसके विपरीत अन्य कैंपों में खामोशी गहराती गई। शाम ढलते-ढलते अधिकांश कैंप खाली हो चुके थे। मतगणना स्थल पर दिनभर चला सियासी उतार-चढ़ाव अपने पीछे जीत की खुशी और हार की खामोशी की कहानी छोड़ गया। ------------- चर्चा में रहा पार्षद विकास रंजन का कैंप मतगणना केंद्र के पास बना वार्ष संख्या 26 के विजेता पार्षद विकास रंजन उर्फ पप्पू सिंह का कैंप पार्षदों के बीच चर्चा का विषय रहा। विकास रंजन के परिणाम की घोषणा पहले दिन शुक्रवार को ही हो गई थी। दूसरे दिन शनिवार को उनके कैंप में कई पार्षद उम्मीवार ने डेरा जमाया। चर्चा थी कि इस कैंप में जो भी पार्षद आया, चुनाव का परिणाम उसके पक्ष में रहा। नतीजा इस कैंप में पूरे दिन भीड़ जमा रही। एक साथ कई वार्ष प्रत्याशी भी अपने समर्थकों के साथ यहां डटे रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



