Dhanbad News: पिंडदान करने आई महिला की दामोदर नदी में डूबने से मौत, 24 घंटे बाद शव बरामद
Dhanbad News: सिंदरी में, चासनाला के दामोदर नदी में 65 वर्षीय रानी देवी की पिंडदान के दौरान तेज बहाव में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने उनके शव को 24 घंटे बाद बरामद किया। रानी देवी, जो पूर्व कर्मचारी नागेश्वर प्रसाद की पत्नी थीं, पितृपक्ष के अनुष्ठान के लिए आई थीं।
Dhanbad News: सिंदरी, प्रतिनिधि। चासनाला के दामोदर नदी में पितृपक्ष के दौरान पिंडदान करने आई 65 वर्षीय वृद्ध महिला रानी देवी की नदी के तेज बहाव में डूबने से मौत हो गई। घटना के 24 घंटे बाद गुरुवार को गौशाला ओपी पुलिस ने मृतका का शव दामोदर नदी के टासरा घाट से बरामद किया। जानकारी के अनुसार, सेल चासनाला के पूर्व कर्मचारी दिवंगत नागेश्वर प्रसाद की पत्नी रानी देवी 30 सितंबर को अपने पति के पिंडदान के लिए सुदामडीह सूर्य घाट धाम दामोदर नदी किनारे पहुंची थीं। नदी में स्नान करने के दौरान वह दामोदर नदी के तेज प्रवाह की चपेट में आ गईं और बह गईं।
लगातार खोजबीन के बाद आज पुलिस ने उनका शव बरामद किया।।नागेश्वर प्रसाद के निधन के बाद उनके पुत्र जितेंद्र प्रसाद को सेल के बर्नपुर में नौकरी मिल गई थी। इसके बाद से रानी देवी अपने परिवार के साथ विशुनपुर, धनबाद में रहने लगी थीं। वह विशेष रूप से पितृपक्ष के अनुष्ठान के लिए चासनाला आई थीं, जहां यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

