Dhanbad News: उत्कृष्ट पंडाल जिला प्रशासन देगा नकद पुरस्कार : डीसी
Dhanbad News: दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ की हैं। पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा। उत्कृष्ट पंडाल बनाने वाली समितियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। भीड़ नियंत्रण और विसर्जन स्थलों पर कड़े प्रबंध किए जाएंगे।

Dhanbad News: दुर्गापूजा के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुगम आवागमन सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में मंगलवार की रात सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीसी ने बताया कि उत्कृष्ट पंडाल बनाने वाले समितियों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रथम पुरस्कार 51 हजार, द्वितीय पुरस्कार 41 हजार, तृतीय पुरस्कार 31 हजार के अलावा चतुर्थ से 10वें पुरस्कार पाने वाली समितियों को 11-11 हजार रुपए दिए जाएंगे। प्रशासन के दिशा-निर्देशों और स्वच्छता मानकों का 100 प्रतिशत अनुपालन करनेवाली पूजा समितियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार की घोषणा की गई है। सभी पूजा समितियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए एक शपथ-पत्र देना अनिवार्य होगा। हर पंडाल के लिए फायर सेफ्टी, भवन प्रमंडल/पीडब्ल्यूडी से पंडाल की मजबूती और विद्युत विभाग वायरिंग व लोड सुरक्षा से जुड़े अनापत्ति प्रमाण-पत्र लेना अनिवार्य होगा। पंडाल निर्माण में सिंथेटिक, नायलॉन या अन्य ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हर पंडाल में चालू स्थिति के अग्निशामक यंत्र, बालू भरी बाल्टियां, फर्स्ट एड बॉक्स तथा निर्बाध बिजली के लिए जेनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। डीजे पर पूर्ण पाबंदी रहेगी।
बैठक में प्रतिभागी
बैठक में डीडीसी सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, एसडीओ लोकेश बारंगे, निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन के अलावा सभी डीएसपी, सीओ, बीडीओ सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
भीड़ नियंत्रण के उपाय
बैठक में कहा गया कि भीड़ नियंत्रण के लिए हर पंडाल में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार, प्रवेश एवं निकास द्वार बनाए जाएंगे। पर्याप्त बैरिकेडिंग, वेंटिलेशन और खोया-पाया केंद्र स्थापित करना जरूरी होगा। समितियों को पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर तैनात करने होंगे, जो निर्धारित ड्रेस कोड और आई-कार्ड में रहेंगे। वॉलेंटियरों की सूची फोन नंबर सहित संबंधित थाने में जमा करानी होगी। सभी पंडालों में इंटरनेट से जुड़े सीसीटीवी कैमरे और एलईडी स्क्रीन लगाना अनिवार्य होगा। डायल 112 के अलावा स्थानीय थाना, नियंत्रण कक्ष का आपातकालीन नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने होंगे।
विसर्जन स्थलों पर प्रबंध
सभी प्रमुख विसर्जन स्थलों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। जलाशयों में सुरक्षित दूरी पर बैरिकेडिंग, नाव, प्रशिक्षित गोताखोर, वाच टावर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था रहेगी। विसर्जन जुलूस में शामिल होनेवाले वाहनों के चालकों का वैध लाइसेंस अनिवार्य होगा। अफवाह से बचने के लिए साइबर मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय किया गया है।
सड़क और विद्युत मरम्मत निर्देश
पूजा को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से डीसी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पथ निर्माण विभाग एवं नगर निकाय को पूजा पंडालों, मुख्य मार्गों तथा संपर्क पथों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया है। सभी जर्जर, लटकते और खतरनाक बिजली के तार एवं पोलों को युद्धस्तर पर दुरुस्त करने का आदेश दिया गया।
अतिक्रमण हटाने की तैयारी
गोविंदपुर मुख्य बाजार सहित विभिन्न प्रखंडों के सभी प्रमुख चौक-चौराहों से अवैध अतिक्रमण हटाने की व्यापक तैयारी शुरू कर दी गई है। उच्चाधिकारियों ने संबंधित अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेलों, दुकानों और रुकावटों को तुरंत हटाने के आदेश दिए हैं।
दिए गए निर्देश
- पूजा के दौरान सभी अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 24 घंटे हाईअलर्ट पर रहेंगे। जीवनरक्षक दवाइयों, एंबुलेंस सेवाओं और आपातकालीन वार्डों में पर्याप्त बिस्तरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को ड्यूटी पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की हिदायत दी गई है।
- पंडाल परिसर के आसपास लगे फूड स्टॉलों में तेल, मसालों, दूध-पनीर से बने उत्पादों, चाट-पकौड़ी और पेय पदार्थों की गुणवत्ता जांची जाएगी।
- भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाए और सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी लगातार निगरानी रखें, ताकि मनचलों और असामाजिक तत्वों पर तुरंत नकेल कसी जा सके।

