15 दिनों में बकाया किराया नहीं दिया तो जिप की दुकान खाली करनी होगी

Feb 20, 2026 02:37 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share

जिला परिषद ने बकाया किराया नहीं चुकाने वाले 100 से अधिक दुकानदारों को नोटिस जारी किया है। यदि 15 दिनों में राशि जमा नहीं की गई, तो दुकानों को खाली कराया जाएगा। वर्तमान में बकाया राशि 10 लाख रुपए से अधिक है, जो विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण है। दुकानदारों से समय पर भुगतान करने की अपील की गई है।

15 दिनों में बकाया किराया नहीं दिया तो जिप की दुकान खाली करनी होगी

जिला परिषद ने बकाया किराया नहीं चुकाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। जिला परिषद की ओर से 100 से अधिक दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि 15 दिनों के भीतर बकाया किराया जमा नहीं करने पर संबंधित दुकानों को खाली कराया जाएगा। इस कदम से बाजार क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। जिला परिषद के अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2023 से कई दुकानों का किराया लंबित है। बार-बार मौखिक सूचना देने और भुगतान करने का आग्रह करने के बावजूद कई दुकानदारों ने बकाया राशि जमा नहीं की है।

वर्तमान में कुल बकाया राशि 10 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। परिषद का कहना है कि यह राशि विकास कार्यों और रखरखाव के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए राजस्व वसूली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन क्षेत्रों की दुकानों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है, उनमें पुराना बाजार, झरिया, कंबाइंड बिल्डिंग, बरटांड़, जोड़ाफाटक सहित अन्य प्रमुख व्यावसायिक स्थल शामिल हैं। ये इलाके व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाते हैं। जिला परिषद का मानना है कि लंबे समय से बकाया रहने के कारण वित्तीय व्यवस्था प्रभावित हो रही है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि किराया जमा कर दिया जाता है तो दुकानदारों के खिलाफ आगे की कार्रवाई नहीं की जाएगी। समयसीमा समाप्त होने के बाद जिला परिषद द्वारा नियमों के तहत तालाबंदी और निष्कासन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिप अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की है कि वे मामले को गंभीरता से लें और जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करें ताकि उनकी दुकानें सुरक्षित रह सकें और किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई से बचें। कई दुकानदारों को नोटिस दिया गया है। अगर दुकानदारों ने बकाया राशि का भुगतान नहीं किया तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। कई दुकानदारों का बहुत दिनों से राशि बकाया है, जिसके कारण राजस्व का बड़ा नुकसान हो रहा है। - शारदा सिंह, अध्यक्ष, धनबाद जिला परिषद

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।