Dhanbad News: सदर अस्पताल में जल्द शुरू होगी डायलिसिस यूनिट
Dhanbad News: सदर अस्पताल में किडनी रोगियों के लिए डायलिसिस यूनिट स्थापित की जाएगी। जिला प्रशासन के द्वारा निजी केंद्रों पर निर्भरता को कम करने के लिए यह पहल की जा रही है। निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और मशीनों व चिकित्सा उपकरणों की खरीद की जाएगी, जिससे मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के तहत बेहतर उपचार मिल सकेगा।

Dhanbad News: सदर अस्पताल में मरीजों को अब डायलिसिस की सुविधा भी मिलेगी। किडनी रोगियों को डायलिसिस के लिए निजी सेंटरों पर निर्भरता से राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की राशि से सदर अस्पताल में डायलिसिस यूनिट स्थापित की जाएगी। इसके लिए मशीनों और जरूरी चिकित्सा उपकरणों की खरीद, स्थापना और संचालन को लेकर निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला योजना शाखा की ओर से जेम पोर्टल पर निविदा जारी की गई है। इसके तहत डायलिसिस मशीनों और इससे जुड़े अन्य चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण और कमीशनिंग के लिए एजेंसी का चयन किया जाएगा।
डायलिसिस यूनिट शुरू होने के बाद नियमित डायलिसिस की जरूरत वाले मरीजों को सबसे अधिक फायदा होगा। फिलहाल सरकारी स्तर पर सीमित सुविधा होने के कारण मरीजों को निजी डायलिसिस सेंटरों का रुख करना पड़ता है। हर सप्ताह कई बार डायलिसिस करानेवाले मरीजों के लिए निजी सेंटर का खर्च लंबे समय में बड़ी आर्थिक परेशानी बन जाता है।सदर अस्पताल में यूनिट शुरू होने से जरूरतमंद मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत डायलिसिस की सुविधा मिल सकेगी। इससे इलाज का आर्थिक बोझ कम होने के साथ मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी। अधिकारियों की मानें तो निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी मशीनों व उपकरणों की आपूर्ति और स्थापना करेगी। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर यूनिट को मरीजों के लिए शुरू किया जाएगा।

