धनतेरस 18 को और दीपावली 20 को मनेगी
संक्षेप: धनतेरस इस वर्ष 18 अक्तूबर को मनाया जाएगा। इस दिन भगवान धन्वंतरी की पूजा के साथ सोने, चांदी और बर्तन की खरीदारी को शुभ माना जाता है। धनतेरस से दीपावली तक की तैयारियों में लोग जुटे हैं। धनतेरस पर पूजा...

धनबाद, वरीय संवाददाता कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि में धनतेरस मनाया जाता है। यह तिथि इस वर्ष 18 अक्तूबर शनिवार को पड़ रही है। व्यवसायी से लेकर आमलोग तक धनतेरस की तैयारी में महीनों से लगे हुए हैं। धनतेरस के लिए कोई बाजार सजा रहा है तो कोई घर। धनतेरस पर खरीदारी की परंपरा रही है और यह खरीदारी शुभ मुहूर्त में ही होती है। पंडित मुकेश पांडेय के अनुसार इस वर्ष धनतेरस पर उत्तर फाल्गुनी और ब्रह्म योग में पूजन होगा। खडेश्वरी मंदिर के पुजारी मनोज पांडे बताते हैं कि कुबेर और भगवान धन्वंतरी की आराधना के उपरांत शुभ मुहूर्त में की गई खरीदारी वर्षभर के लिए शुभ फलदायी सिद्ध होती है।
धनतेरस पूजन के लिए शुभ समय शाम 7:16 से रात्रि 8:20 बजे तक है। धनतेरस पर पूजे जाएंगे भगवान धन्वंतरी मान्यता है कि इस दिन आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के जनक धन्वंतरी देव समुद्र मंथन से अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। धनतेरस के दिन सोना, चांदी और बर्तन व धातू की खरीदारी बेहद शुभ मानी जाती है। इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा करने से घर में धन, सुख और समृद्धि आती है। त्रयोदशी तिथि की शुरुआत 18 अक्तूबर को दिन में 12:19 बजे से हो रही है, जो कि 19 अक्तूबर को दिन के 1:51 बजे तक रहेगी। धनतेरस में खरीदारी के लिए चौघड़िया मुहूर्त को विशेष स्थान दिया गया है। 20 को मनेगा दीपोत्सव धनतेरस और दीपावली में एक दिन का अंतर है। इस वर्ष 20 अक्तूबर सोमवार को दीपावली मनायी जाएगी। खड़ेश्वरी मंदिर के मनोज पांडेय ने बताया कि पंचांग के अनुसार सोमवार को दिन के 2:55 में अमावस्या का प्रवेश हो रहा है। जो कि मंगलवार की संध्या 4:26 तक रहेगा। सूर्यास्त 5:40 बजे है। दीपावली पूजन के लिए शुभ तिथि, शुभ काल व बेला 20 को ही बन रहा है। इसलिए बनारस के विद्धानों ने 20 का ही दीपावली मनाने की राय दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




