Hindi NewsJharkhand NewsDhanbad NewsDhanbad to Soon Get Amrit Bharat Express New Train Route to Coimbatore
धनबाद से कोयंबटूर के बीच अमृत भारत चलाने का प्रस्ताव

धनबाद से कोयंबटूर के बीच अमृत भारत चलाने का प्रस्ताव

संक्षेप: धनबाद को जल्द अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात मिल सकती है। यह ट्रेन गया-दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होकर धनबाद से कोयंबटूर के बीच चलेगी। धनबाद-कोयंबटूर स्पेशल की सफलता को देखते हुए यह नई ट्रेन शुरू करने की तैयारी की जा रही है। यात्रियों को इससे बेहतर सहूलियत मिलेगी।

Sun, 16 Nov 2025 02:32 AMNewswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share Share
Follow Us on

धनबाद, मुख्य संवाददाता धनबाद को जल्द अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात मिल सकती है। गया-दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन होकर धनबाद से कोयंबटूर के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने का प्रस्ताव है। धनबाद-कोयंबटूर स्पेशल की सफलता को देखते हुए इस रूट पर महत्वाकांक्षी ट्रेन अमृत भारत एक्सप्रेस को उतारने की तैयारी चल रही है। धनबाद-कोयंबटूर स्पेशल ऐसी ट्रेन है, जिसे किसी अवधि विस्तार के दायरे में नहीं रखा गया है। नियमित ट्रेनों की तरह इस ट्रेन में भी स्वत: दो माह की एडवांस बुकिंग होती है। धनबाद से रांची होकर भी कोयंबटूर की एक स्पेशल ट्रेन चल रही है। गया होकर चलने के कारण 03679-03680 धनबाद-कोयंबटूर-धनबाद स्पेशल में बुकिंग की स्थिति ज्यादा अच्छी है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

यह ट्रेन धनबाद से काटपाड़ी जाने वालों के लिए बेहतर विकल्प है। धनबाद से काटपाड़ी जाने वाली एलेप्पी एक्सप्रेस रात डेढ़ बजे काटपाड़ी पहुंचाती है, जबकि स्पेशल ट्रेन दोपहर 12.30 बजे काटपाड़ी पहुंचाती है। आधी रात को एलेप्पी से उतरने के बाद यात्रियों को रातभर स्टेशन पर काटनी पड़ती है। अमृत भारत एक्सप्रेस के पटरी पर उतरने के बाद यात्रियों को सहूलियत होगी। रेलवे लगातार देश में नए-नए रूटों पर अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की घोषणा कर रही है। धनबाद से अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने के लिए रेलवे कोचिंग पिट को भी लाखों रुपए की लागत से अपडेट किया जा रहा है। --- धनबाद-भुवनेश्वर स्पेशल को नियमित करने का प्रस्ताव धनबाद से गरीब रथ एक्सप्रेस के बदले चल रही धनबाद-भुवनेश्वर स्पेशल को भी नियमित करने का प्रस्ताव धनबाद रेल मंडल से मुख्यालय भेजा गया है। प्रस्ताव में बताया गया है कि यह ट्रेन लगातार 100 प्रतिशत बुकिंग के साथ चल रही है। 24 अगस्त 2022 से यह ट्रेन स्पेशल बन कर चल रही है। स्पेशल होने के कारण यात्रियों को अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है। यदि ट्रेन नियमित हो जाएगी तो यात्रियों को किफायती यात्रा की सौगात मिलेगी। साथ ही बार-बार ट्रेन के फेरे में विस्तार की प्रतीक्षा नहीं करनी होगी।