
धनबाद में बड़े बकायेदारों का प्रीपेड बिजली कनेक्शन कटेगा
धनबाद में 10 दिसंबर के बाद प्रीपेड मीटर के उपयोगकर्ताओं का कनेक्शन काटा जाएगा, यदि उनका बकाया 30,000 रुपये से अधिक है। अधिकारियों ने कहा है कि जिन उपभोक्ताओं को पिछले छह महीने से बिल भेजा जा रहा है और उन्होंने भुगतान नहीं किया है, उनका कनेक्शन ऑटोमेटिक कट जाएगा।
धनबाद, कार्यालय संवाददाता। धनबाद में 10 दिसंबर के बाद प्रीपेड मीटर के बिजली उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा जाएगा। 30 हजार से अधिक राशि बकाया होने पर ही कनेक्शन कटेगा। प्रीपेड के उपभोक्ताओं को हर महीने बिल मिल रहे हैं। जिले में 42 हजार घरों में प्रीपेड मीटर चालू हैं, जबकि 95 हजार घरों में स्मार्ट मीटर लगे हैं। बड़े बकायेदारों की रिपोर्ट रांची मुख्यालय भेजी गई है। 30 हजार रुपए से अधिक बकायेदारों का बिजली कनेक्शन 10 दिसंबर के बाद किसी भी वक्त कट सकता है। उपभोक्ताओं के मोबाइल पर लगातार बिजली का बिल छह माह व उससे अधिक समय से भेजा जा रहा है, लेकिन वे भुगतान नहीं कर रहे हैं।
इसको लेकर बीते माह नवंबर में ट्रायल किया गया, जो सफल रहा है। सरकारी संस्थानों में जहां प्रीपेड मोड में मीटर चालू है, वहां भी यह नियम लागू है। लोगों को समय पर बिल का भुगतान करना होगा। अन्यथा ऑटोमेटिक कनेक्शन कट जाएगा। मोबाइल पर जा रहा बिल का मैसेज: विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वैसे लोगों का कनेक्शन कटेगा, जिनके मोबाइल पर बिल का मैसेज भेजा जा रहा है, लेकिन वे बीते छह माह से बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं। 30 हजार व उससे अधिक राशि बकाया होने पर लोग नजरअंदाज कर रहे हैं। वैसे लोगों का ऑटोमेटिक कनेक्शन कट जाएगा। हालांकि कनेक्शन कटने से पूर्व लोगों के मोबाइल पर चेतावनी मैसेज भेजा जा रहा है। आगे उन्होंने कहा कि जिन्हें बिजली बिल नहीं मिल रहा है, वैसे लोगों का कनेक्शन नहीं कटेगा। बीते माह ट्रायल रहा सफल: विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बीते माह नवंबर में निरसा डिवीजन में ट्रायल किया गया, जो सफल रहा है। प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं से 16 लाख रुपए की वसूली की गई है। रांची से ही ऑटोमेटिक बड़े बकायेदारों का कनेक्शन कट गया। हालांकि राशि का भुगतान करते ही पुन: बिजली बहाल कर दी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




