सदर अस्पताल में मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट तैयार, कल उद्घाटन
धनबाद के सदर अस्पताल में मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट (एमएनसीयू) का उद्घाटन 8 मार्च को होगा। यह यूनिट नवजात शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करेगी, जिससे गंभीर मामलों में एंबुलेंस से अन्य अस्पताल भेजने की जरूरत कम होगी। इससे नवजातों की जान को खतरा कम होगा।

धनबाद, संवाददाता। सदर अस्पताल में मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट (एमएनसीयू) बनकर तैयार है। आधुनिक यूनिट का उद्घाटन आठ मार्च को किया जाएगा। अब सदर अस्पताल में ही नवजात शिशुओं को बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) की राशि से एमएनसीयू का निर्माण कराया गया है। अबतक सदर अस्पताल में गंभीर नवजात शिशुओं के इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं थी। ऐसी स्थिति में गंभीर हालत में नवजात को एंबुलेंस से मेडिकल अस्पताल भेजना पड़ता था, जिससे इलाज में देर होने के साथ कई बार समय पर उच्चस्तरीय देखभाल नहीं मिलने से नवजातों की जान पर खतरा उत्पन्न हो जाता था।
जानकारी के अनुसार कई वर्ष पहले सदर अस्पताल में जगह की कमी और मरीजों की संख्या कम होने के कारण स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) को मेडिकल अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया था। फिर बाद के वर्षों में सदर अस्पताल में प्रसव की संख्या लगातार बढ़ने लगी। इस कारण नवजात शिशुओं के इलाज में दिक्कतें आने लगीं और अस्पताल में एसएनसीयू या विशेष सुविधा की मांग उठने लगी। एमएनसीयू शुरू होने से नवजात शिशुओं को तत्काल इलाज मिल सकेगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर करने की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


