धनबाद की बेटी आकृति गुप्ता का शार्क टैंक इंडिया में चयन
धनबाद की आकृति गुप्ता का चयन सोनी टीवी के शार्क टैंक इंडिया के लिए हुआ है। वह अपने स्टार्टअप लूपी को निवेशकों के सामने पेश करेंगी। आकृति ने विद्यालय में टॉप किया और आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए किया। उनके चयन से धनबाद में खुशी का माहौल है।

धनबाद, वरीय संवाददाता पुराना बाजार टेलीफोन एक्सचेंज रोड निवासी अनिल गुप्ता एवं गीता गुप्ता की पुत्री आकृति गुप्ता का चयन सोनी टीवी के लोकप्रिय बिजनेस रियलिटी शो शार्क टैंक इंडिया के लिए हुआ है। आकृति इस प्रतिष्ठित मंच पर अपने स्टार्टअप लूपी को देश के जाने-माने निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करेंगी। उनके चयन की खबर से पूरे धनबाद जिले, समाज एवं युवाओं में हर्ष और गौरव का क्षण है। स्टार्टअप शुरू कर बनाया मुकाम आकृति के पिता अनिल गुप्ता धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन के उपाध्यक्ष हैं। बताया कि आकृति बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने धनबाद पब्लिक स्कूल से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और 10वीं की परीक्षा में विद्यालय टॉप कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इसके पश्चात उन्होंने केआईआईटी यूनिवर्सिटी से बीटेक तथा देश के सर्वोच्च प्रबंधन संस्थान आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए की उपाधि प्राप्त की। कॉरपोरेट से स्टार्टअप तक का प्रेरक सफर एमबीए के बाद आकृति ने देश की कई प्रतिष्ठित कॉरपोरेट कंपनियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं, लेकिन नवाचार और उद्यमिता के जुनून ने उन्हें स्वयं का स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रेरित किया, जिसके परिणामस्वरूप अपनी कंपनी लूपी की स्थापना हुई। उनकी इसी सोच, मेहनत और दूरदृष्टि ने उन्हें शार्क टैंक इंडिया जैसे राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया। उसकी कंपनी बच्चों के स्ट्रालर, बेबी कार सिट, रोबिन डायपर बैग और ऑरर्गानाइजर बैग जैसे प्रोडक्ट बनाती है। सोनी लिव पर आज होगा प्रसारण जानकारी देते हुए मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल ने बताया कि आकृति गुप्ता का यह एपिसोड छह जनवरी, दिन मंगलवार को रात 10 बजे सोनी टीवी एवं सोनी लिव एप पर प्रसारित किया जाएगा। यह क्षण न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे धनबाद के लिए गर्व का अवसर होगा। समाज और जिले के लिए गर्व का क्षण उल्लेखनीय है कि आकृति गुप्ता, धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन के उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता की पुत्री हैं। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




